आगरा: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में ताजनगरी आगरा में नारी शक्ति के सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता के कार्यक्रमों का सिलसिला दूसरे दिन भी जारी रहा। शहर के विभिन्न संगठनों ने महिलाओं की उपलब्धियों को सराहा और समाज निर्माण में उनकी भूमिका को रेखांकित किया।
आगरा क्लब में ‘पाक कला सम्मान’ से महकी रसोई
आशियाना महिला समिति और रोशनी चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आगरा क्लब में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम की खासियत यह रही कि यहां उन महिलाओं को मंच दिया गया, जो अपने घर से खाना बनाकर स्वरोजगार के जरिए अपनी पहचान बना रही हैं।
समिति की अध्यक्ष डॉ. सरोज प्रशांत ने कहा कि नारी शक्ति आज हर क्षेत्र में खुद को साबित कर रही है। रोशनी चैरिटेबल ट्रस्ट की अध्यक्ष मनोज बल ने स्वरोजगार कर रही महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि लगन और मेहनत से छोटे काम को भी बड़ी पहचान दिलाई जा सकती है।
इन्हें मिला सम्मान:
चयन समिति ने संगीता कटियाल, शशि बुद्धिराजा, रश्मि वाष्णेय, गीतिका सहगल, पूजा सेठ, वंदना शर्मा और साक्षी भार्गव को ‘पाक कला अवार्ड’ से नवाजा। वहीं, डॉ. जानवी को उनकी उत्कृष्ट पेंटिंग के लिए ‘एक्सीलेंस अवार्ड’ प्रदान किया गया।
ब्रह्माकुमारी केंद्र पर आध्यात्मिक सशक्तीकरण
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, सेक्टर-7 में भी महिला दिवस धूमधाम से मनाया गया। बीके सरिता ने आध्यात्मिक दृष्टिकोण रखते हुए कहा कि हमारी संस्कृति में सदैव देवियों का स्थान सर्वोपरि रहा है और नारी शक्ति ही समाज के परिवर्तन का मुख्य आधार है।
पूर्व पार्षद सुषमा जैन ने महिलाओं के बहुआयामी व्यक्तित्व पर चर्चा करते हुए कहा कि एक महिला जहां ‘अन्नपूर्णा’ बनकर परिवार पालती है, वहीं समय आने पर वह ‘दुर्गा’ का रूप भी ले सकती है। कार्यक्रम में बीके शालू ने महिलाओं को मानसिक शांति और तनाव मुक्ति के व्यावहारिक तरीके सिखाए।
सामाजिक संदेश और जागरूकता
समारोह के दौरान ‘एक पहल पाठशाला’ के बच्चों ने कपड़े के थैले वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। शारदा गुप्ता ने अपनी कविताओं के माध्यम से महिलाओं के अधिकारों की आवाज उठाई। इस दौरान मंजू मित्तल, निधि अग्रवाल, सुमन गुप्ता और अर्णिमा भार्गव सहित बड़ी संख्या में शहर की गणमान्य महिलाएं उपस्थित रहीं।
- स्मार्टफोन बना ‘जहर’! आगरा में किशोरों और किशोरियों के 48 आपत्तिजनक वीडियो वायरल, गांव में तनाव, पुलिस तैनात - March 31, 2026
- Agra News: देह व्यापार से मुक्त किशोरी पर ‘अपनों’ की गंदी नजर, फर्जी कागजों के जरिए कस्टडी लेने पहुंचे नानी-मामा पर FIR - March 31, 2026
- आगरा में ‘रील’ वाली दबंगई: फतेहाबाद में असलहे लहराकर दनादन फायरिंग, सोशल मीडिया पर रसूख दिखाने के लिए उड़ाए कानून के परखच्चे - March 31, 2026