आगरा की रूह ‘नज़ीर’ को बचाने की मुहिम: मज़ार से शुरू हुआ विशाल हस्ताक्षर अभियान; मेट्रो स्टेशन और सड़क के नामकरण की उठी मांग

स्थानीय समाचार

आगरा: ताजनगरी की गंगा-जमुनी तहजीब के सबसे बड़े अलंबरदार और ‘अवामी शायर’ मियां नज़ीर अकबराबादी की विरासत को सहेजने के लिए ‘अमृता विद्या एजुकेशन फॉर इम्मोर्टालिटी’ संस्था ने एक बड़ा अभियान छेड़ दिया है। मंगलवार को ताजगंज स्थित नज़ीर की मज़ार से एक विशाल हस्ताक्षर अभियान का आगाज़ किया गया, जिसका उद्देश्य उपेक्षित पड़ी इस ऐतिहासिक धरोहर को सरकार के एजेंडे में लाना है।

​मेट्रो स्टेशन और मार्ग के नामकरण की मांग

संस्था के सचिव अनिल शर्मा ने बताया कि आगरा मेट्रो का ध्येय वाक्य ‘नई विरासत की ओर’ है। इसी के अनुरूप सरकार से मांग की गई है कि किसी प्रमुख मेट्रो स्टेशन का नाम ‘नज़ीर अकबराबादी मेट्रो स्टेशन’ रखा जाए। साथ ही, पुरानी मंडी से मल्लिकों गली तक जाने वाले मार्ग का नामकरण भी ‘नज़ीर मार्ग’ के रूप में करने की अपील की गई है। संस्था का सुझाव है कि मेट्रो स्टेशनों की दीवारों पर नज़ीर के प्रसिद्ध भजन और उनकी कालजयी नज्में प्रदर्शित की जाएं ताकि दुनिया भर से आने वाले पर्यटक आगरा की वास्तविक साझी संस्कृति से रूबरू हो सकें।

​कृष्ण भक्त और अवामी शायर: नज़ीर का विराट व्यक्तित्व

​मियां नज़ीर केवल एक कवि नहीं, बल्कि भारतीय समाज की एकता की आवाज़ थे। उनकी लेखनी में दीपावली, होली, ईद और मेलों का जीवंत चित्रण मिलता है। जिस तरह मुस्लिम कवि रसखान की कृष्ण भक्ति प्रसिद्ध है, उसी तरह नज़ीर की रचनाओं में भी भगवान कृष्ण के प्रति अनन्य श्रद्धा झलकती है। वे गलियों में सामान बेचने वाले रेहड़ी-पटरी वालों को तुकबंदी वाले शेर लिखकर देते थे ताकि वे अपना सामान आसानी से बेच सकें। उनके इसी जन-जुड़ाव के कारण उन्हें ‘जनकवि’ कहा जाता है।

​पाठ्यक्रम में शामिल हो नज़ीर का साहित्य

अभियान के माध्यम से उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की गई है कि नज़ीर की रचनाओं को शैक्षणिक पाठ्यक्रमों में उचित स्थान मिले। मल्लिकों गली स्थित उनकी मज़ार और संबंधित स्थलों का संरक्षण व जीर्णोद्धार हो। ​उनकी याद में विशेष स्मारक और पुस्तकालयों का निर्माण किया जाए।

​नज़ीर पर बनेगी ‘डॉक्यूमेंट्री ड्रामा’ फिल्म

साहित्य प्रेमियों और शहर के सुधिजनो ने मिलकर नज़ीर की जीवनी पर एक डॉक्यूमेंट्री ड्रामा फिल्म बनाने का भी संकल्प लिया है। इस संदर्भ में मिथुन प्रमाणिक द्वारा बनाई गई एक ‘प्रोमो फिल्म’ का अवलोकन किया गया। इस चर्चा में सुधीर नारायण, डॉ. मधु भारद्वाज, फैज़ शाह, डॉ. विजय शर्मा, आरिफ तैमूरी, शांतनु और अजय तोमर जैसे दिग्गज उपस्थित रहे।

संस्था ने स्पष्ट किया है कि जल्द ही इस हस्ताक्षर अभियान के साथ आगरा के जनप्रतिनिधियों से संपर्क किया जाएगा ताकि सरकार पर इस मांग को पूरा करने के लिए दबाव बनाया जा सके।

Dr. Bhanu Pratap Singh