dr bhanu pratap singh agra journalist

डॉ. भानु प्रताप सिंह से साक्षात्कार में भाजपा विधायक डॉ. जीएस धर्मेश का ताजमहल और मुस्लिमों पर बड़ा बयान

Crime NATIONAL POLITICS REGIONAL RELIGION/ CULTURE साक्षात्कार

Dr Bhanu Pratap Singh

Agra, Uttar Pradesh, India. आगरा छावनी से भारतीय जनता पार्टी के विधायक डॉ. जीएस धर्मेश को ‘ताजमहल वाले विधायक’ के रूप में भी जाना जाता है। आगरा छावनी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ही आगरा किला, ताजमहल, जामा मस्जिद स्मारक आते हैं। उन्होंने जामा मस्जिद मैट्रो स्टेशन का नाम बदलकर मनकामेश्वर मंदिर मैट्रो स्टेशन करवा दिया है। इस समय ताजमहल के 22 कमरों को लेकर माहौल गर्म है। इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ ने 22 कमरों को खोलने वाली याचिका याची को फटकार लगाते हुए निरस्त कर दी है। इस प्रकरण के बीच ताजमहल वाले विधायक डॉ. जीएस धर्मेश ने बातचीत में ताजमहल और मुस्लिमों को लेकर बड़ा बयान दिया है। प्रस्तुत हैं बातचीत के मुख्य अंश-

 

डॉ. भानु प्रताप सिंहः पहली सरकार में आप मंत्री थे, दूसरी सरकार में विधायक हैं, कोई गिरावट महसूस करते हैं क्या?

डॉ. जीएस धर्मेशः मंत्री और विधायक के रूप में कोई गिरावट नहीं है। ये राजनीति है। पार्टी जहां अच्छा समझती है, उपयोग करती है। मंत्री न रहते हुए भी जनता के काम पहले की तरह कर रहा हूँ।

 

डॉ. भानु प्रताप सिंहः विधायक जी, योगी आदित्यनाथ की सरकार कैसी चल रही है?

डॉ. जीएस धर्मेशः योगी आदित्यनाथ सरकार बड़ी टॉप चल रही है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कहते नहीं करके दिखाते हैं। जैसे- इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज और फैजाबाद का नाम बदलकर अयोध्या कर दिया। मस्जिदों पर लगे लाउडस्पीकर की आवाज से आसपास के लोगों को परेशानी होती थी, नींद में खलल पड़ता था, उसे एकदम बडे प्यार से हटवा दिया। लाउडस्पीकर की आवाज कम कराई है। कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। कर्मयोगी मुख्यमंत्री की बात को पूरी तरह माना। सड़क पर नमाज बंद करा दी। ईद के मौके पर पहली बार मस्जिद परिसर में नमाज हुई। मुल्ला-मौलवी ने भी सहयोग दिया है।

dr bhanu pratap singh agra editor
संपादक डॉ. भानु प्रताप सिंह से बातचीत करके विधायक डॉ. जीएस धर्मेश। साथ में भाजपा के वरिष्ठ नेता गनेश चंद (ताजगंज)

डॉ. भानु प्रताप सिंहः आपको तो तारीफ करनी भी चाहिए क्योंकि आप सरकार का अंग है।

डॉ. जीएस धर्मेशः सरकार के विरोधी भी योगी सरकार की तारीफ करते हैं। हां, राजनीतिक कारणों से विरोध करना मजबूरी है। विरोधी लोग हमारी सरकार की एक भी खामी बता दें तो मान जाऊंगा।

 

डॉ. भानु प्रताप सिंहः मुख्यंमत्री ने मदरसों में राष्ट्रगान अनिवार्य कर दिया है, इससे क्या होगा?

डॉ. जीएस धर्मेशः मदरसों में राष्ट्रगान अनिवार्य किया गया है। इससे राष्ट्रीयता की ज्योति और प्रज्ज्वलित होगी। अब उत्तर प्रदेश में बहुत अच्छा वातातरण बना है। दिल्ली में बाबर, तुगलक, अकबर औरंगजेब, हुमायूं आदि आतताइयों के नाम पर सड़कों के नाम हैं और ये गुलामी के प्रतीक हैं। इन मार्गों का नाम तत्काल बदल देना चाहिए। कितना अच्छा होता यह मांग मुस्लिमों की ओर से की जाती।

 

डॉ. भानु प्रताप सिंहः मुसलमानों के नाम पर राजनीति करने वालों से क्या कहना चाहते हैं?

डॉ. जीएस धर्मेशः देश के मुस्लिमों को बेवकूफ बनाकर राजनीति कर रहे मुस्लिम नेताओं और संस्थाओं से पूछना चाहता हूँ कि देश में जब भी आतंकी घटना होती है उसका सपा, कांग्रेस, बसपा, आप, ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम आदि ने कभी निंदा नहीं की है, आखिर क्यों?

 

 

डॉ. भानु प्रताप सिंहः आरोप है कि उत्तर प्रदेश में मुस्लिमों को निशाना बनाया जा रहा है?

डॉ. जीएस धर्मेशः बुलडोजर और संपत्ति जब्त करने के नाम पर मुस्लिमों को टारगेट नहीं किया जा रहा है। योगी सरकार कोई भेदभावपूर्ण कार्रवाई नहीं करती है। मस्जिदों के साथ मंदिरों से भी लाउडस्पीकर हटवाए गए हैं। सड़क पर नमाज नहीं होने दी तो हनुमान चालीसा भी नहीं होने दिया। कोरोना काल में राशन हर किसी को दिया गया। जो गलत काम करेगा, उसे दंड अवश्य मिलेगा भले ही वह हिन्दू हो या मुसलमान।

 

डॉ. भानु प्रताप सिंहः फिर आपने जामा मस्जिद मैट्रो स्टेशन का नाम क्यों बदलवाया?

डॉ. जीएस धर्मेशः आगरा में मैट्रो रेल का काम गति के साथ चल रहा है। भूमिगत रेलवे स्टेशन का नाम जामा मस्जिद से बदलकर मनकामेश्वर मंदिर के नाम पर रखवाया है। इसका कारण यह है कि मंदिर सैकड़ों वर्ष प्राचीन है। मस्जिद बाद में बनी है। बिजलीघर चौराहा के पास भूमिगत मैट्रो स्टेशन बन रहा है, जिसका नाम आगरा फोर्ट स्टेशन रखा गया है। इसका नाम डॉ. अम्बेडकर मैट्रो स्टेशन होना चाहिए। इस बारे में मैं लिखा-पढ़ी करूंगा।

जामा मस्जिद नहीं, मनकामेश्वर मंदिर होगा मेट्रो स्टेशन का नाम, केशव प्रसाद मौर्य ने मानी MLA Dr GS Dharmesh की बात

डॉ. भानु प्रताप सिंहः ताजमहल में क्या कोई रहस्य छिपा हुआ है?

डॉ. जीएस धर्मेशः ताजमहल विश्व की धरोहर है। पूरे विश्व से पर्यटक आते हैं। ऐतिहासिक तथ्यों के आधार पर कुछ लोग ताजमहल को तेजोमहालय होने का दावा करते हैं। ताजमहल को हटाया और गिराया नहीं जा सकता है। जहां तक 22 कमरों को खोलने की बात है तो कृष्ण जन्मभूमि मथुरा, काशी विश्वनाथ में ज्ञानवापी मस्जिद का वातावरण चल रहा है, इन समस्याओं का जब समाधान होगा तो उसके बाद ताजमहल की समस्या का समाधान भी हो सकता है। अगर एक कोर्ट में याचिका खारिज हो गई है तो दूसरे कोर्ट में जाएं। ताजमहल को तोड़ने की बात कोई नहीं कर रहा है। ताजमहल के 22 कमरों में ऐसा क्या रखा है, जिसकी हकीकत हर कई जानना चाहता है। न्यायालय से अनुमति मिलेगी तब पता चलेगा कि कोई रहस्य है या नहीं। हो सकता है उन कमरों की कोई उपयोगिता न हो, इस कारण ताले लगे हुए हों।

 

 

डॉ. भानु प्रताप सिंहः आगरा किला में बहुत से मान्यूमेंट बंद हैं, क्या इन्हें नहीं खोला जाना चाहिए?

डॉ. जीएस धर्मेशः आगरा किला का बड़ा हिस्सा सेना के कब्जे में है। इन्हें खोलने की कोई जरूरत नहीं है।

 

डॉ. भानु प्रताप सिंहः आगरा बैराज का वादा कब पूरा करेंगे?

डॉ. जीएस धर्मेशः विधानसभा चुनाव के बाद 9 अप्रैल, 2022 को योगी आदित्यनाथ से मिला था। मैंने चुनाव के समय बैराज का वादा किया था। उसके निमित्त यमुना नदी पर नगला पैमा के पास बैराज की मांग की थी। उस समय टीटीजेड (Taj Trapezium Zone) और नीरी (National Environmental Engineering Research Institute) से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) की प्रक्रिया चल रही थी। अब वे मिल गई हैं। योगी जी ने बैराज के स्थान पर रबर चेक डैम बनाने की स्वीकृति प्रदान कर दी है।

 

डॉ. भानु प्रताप सिंहः इससे आगरा को क्या लाभ होगा?

डॉ. जीएस धर्मेशः देश-विदेश से आने वाले पर्यटक ताजमहल देखकर दिल्ली वापस चले जाते हैं। दिल्ली के होटल वाले अपनी बसों से आगरा भेजते हैं और वापस ले जाते हैं। आगरा में पर्यटकों का रात्रि प्रवास न होने के कारण पर्यटन को बढ़ावा नहीं मिल रहा है। होटल वाले बहुत परेशान हैं। रबर चेक डैम बनने से यमुना का एक हिस्सा वॉटर फ्रंट के रूप में विकसित होगा। वह इलाका पिकनिक स्पॉट बन जाएगा। इसे देखने के लिए देश-विदेश के पर्यटक रात्रि में रुकेंगे। हर वर्ग को रोजगार मिलेगा। जलस्तर बढ़ेगा।

 

 

Dr. Bhanu Pratap Singh