फतेहपुर सीकरी पुलिस की बड़ी कामयाबी: होली पर सूने घर को खंगालने वाला ‘असगर’ गिरफ्तार, सोने की चेन और अंगूठियां बरामद

Crime

आगरा। थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस ने होली के दौरान एक सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने घर की छत का टट्टर उखाड़कर भीतर प्रवेश किया था और जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने और चांदी के आभूषण बरामद कर उसे जेल भेज दिया है।

​सूना मकान देख बनाया था निशाना

जानकारी के मुताबिक, फतेहपुर सीकरी के इस्लामगंज (नगला मालियान) निवासी रविंद्र कुमार होली के त्यौहार पर सपरिवार अपने पैतृक गांव गए हुए थे। इसी दौरान उनके बंद मकान की रेकी कर चोर ने सेंधमारी की। जब परिवार वापस लौटा, तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। चोर ने छत पर लगे टट्टर को उखाड़कर रास्ता बनाया और कमरे में रखे कीमती सामान को बटोर ले गया।

​घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा

चोरी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस लगातार संदिग्धों पर नजर रख रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दौरा रोड स्थित मजार के पास से असगर पुत्र सुक्की (निवासी पीपलमंडी, शाहगंज) को धर दबोचा। पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने ही होली के दौरान रविंद्र के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

​लाखों के जेवरात बरामद, नकदी कर दी खर्च

पुलिस ने आरोपी असगर की निशानदेही पर चोरी का माल बरामद कर लिया है। बरामद सामान में सोने (पीली धातु) की दो चेन, ​सोने की चार अंगूठियां, चांदी (सफेद धातु) की दो जोड़ी पायल शामिल हैं।

हालांकि, पीड़ित ने घर से 1700 रुपये नकद चोरी होने की बात कही थी, लेकिन आरोपी के पास से मात्र 160 रुपये ही मिले। आरोपी ने बताया कि बाकी की रकम उसने अपने निजी खर्चों में उड़ा दी।

​न्यायालय में पेशी के बाद जेल

​थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी किसी बड़े गिरोह का हिस्सा है या उसने अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है।

Dr. Bhanu Pratap Singh