लखीमपुर-सीतापुर हाईवे पर बड़ा हादसा: अनियंत्रित कार नहर में समाई, अयोध्या से लौट रहे एक ही परिवार के 5 लोग घायल

REGIONAL

लखीमपुर-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा पेश आया, जिसमें एक वैगनआर कार अनियंत्रित होकर शारदा सहायक नहर की माइनर में जा गिरी। ओयल कस्बा के बेहजम तिराहे के समीप स्थित फौजी धर्मकांटा के पास हुई इस दुर्घटना में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और गश्त पर निकली पुलिस की तत्परता से घायलों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।

​जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब दो बजे लखनऊ की ओर से आ रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बनी माइनर में जा घुसी। कार के नहर में गिरते ही तेज आवाज हुई, जिसे सुनकर स्थानीय लोग फौरन घटनास्थल की ओर दौड़े। संयोगवश, उसी समय क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस टीम भी वहां पहुंच गई।

बचाव अभियान चलाकर कार में सवार लोगों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की मदद से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया है।

घायलों की पहचान:

हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान शांतिनगर गढ़ी रोड निवासी 52 वर्षीय आशुतोष नंदन दीक्षित उर्फ रिंकू (पुत्र रविशंकर), उनकी पत्नी रेनू, 15 वर्षीय पुत्र शिवांश, अधिवक्ता रामप्रकाश तिवारी और उनकी पत्नी सरिता के रूप में हुई है।

​बताया जा रहा है कि ये सभी लोग अयोध्या दर्शन के लिए गए थे और वापस लखीमपुर लौट रहे थे। दुर्घटना के समय आशुतोष नंदन दीक्षित कार चला रहे थे। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

इस घटना के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने तुरंत क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को नहर से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी। स्थानीय निवासियों ने बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों की सराहना की है।

Dr. Bhanu Pratap Singh