आगरा। बाह थाना क्षेत्र में हुए लक्ष्मी सिंह हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था। इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए आगरा पुलिस ने मुख्य आरोपी मनु को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ के दौरान जो खुलासा किया, वह बेहद चौका देने वाला है—उसने मात्र चंद आभूषणों के लालच में अपनी परिचित महिला की निर्मम हत्या कर दी थी।
मुठभेड़ के बाद हुई गिरफ्तारी
पुलिस उपायुक्त पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि मुकदमा अपराध संख्या 113/2026 में वांछित आरोपी मनु (पुत्र कलियाँ सिंह, निवासी गुमान सिंह पुरा) को बटेश्वर परिक्रमा मार्ग पर एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया। मुखबिर की सूचना पर जब पुलिस ने उसे घेरा, तो आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में वह घायल हो गया। पुलिस ने उसके पास से लूटे गए दो कुंडल, पायजेब, 1500 रुपये नकद, एक अवैध तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
परिचित का विश्वास बना काल
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि मृतका लक्ष्मी सिंह उसके ही गांव की रहने वाली थी और उसे अच्छी तरह पहचानती थी। महिला के पास मौजूद जेवर देखकर मनु की नीयत डगमगा गई। उसने लक्ष्मी सिंह को मायके छोड़ने के बहाने अपनी बाइक पर बैठाया और सुनसान रास्ते पर ले गया। वहाँ जेवर लूटने के बाद, इस डर से कि महिला उसकी पहचान उजागर कर देगी, उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को फेंककर फरार हो गया।
ग्रामीणों का आक्रोश और प्रशासनिक पहल
तीन दिन पूर्व महिला का शव मिलने के बाद से ही इलाके में दहशत और गुस्सा था। परिजनों और आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बाह-आगरा मार्ग पर शव रखकर घंटों चक्का जाम किया। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए थे कि भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
उच्चाधिकारियों के कड़े आश्वासन के बाद ही ग्रामीण शांत हुए और पुलिस की देखरेख में महिला का अंतिम संस्कार संपन्न हो सका।
न्याय की ओर कदम
डीसीपी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि आरोपी का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। पुलिस इस मामले में तेजी से विधिक कार्रवाई कर रही है ताकि आरोपी को कठोरतम सजा दिलाई जा सके। इस घटना ने एक बार फिर से परिचितों पर अंधविश्वास करने के खतरे को उजागर किया है, जिसने एक परिवार की खुशियां पूरी तरह छीन लीं।
- विकसित भारत के संकल्प के साथ सांसद राजकुमार चाहर का जनसंपर्क: व्यापारियों और चिकित्सकों के बीच गिनाईं मोदी सरकार की 12 साल की उपलब्धियां - June 14, 2026
- शिक्षा से समाज सुधार: ‘लक्ष्य आगरा’ की पहल से गरीब बच्चों का नवोदय और सैनिक स्कूल जाने का सपना होगा साकार, शुरू की मुफ्त कोचिंग - June 14, 2026
- Agra News: एसएन मेडिकल कॉलेज में ‘प्रबुद्ध जन संगोष्ठी’, 12 वर्षों के विकास और स्वास्थ्य क्रांति पर हुआ मंथन - June 14, 2026