आयुर्वेद: शरीर के लिए ‘ब्लड बैंक’ का काम करती हैं खाने की ये पांच चीजें, – Up18 News

आयुर्वेद: शरीर के लिए ‘ब्लड बैंक’ का काम करती हैं खाने की ये पांच चीजें

HEALTH

लोगों में अब पहले जैसी ताकत नहीं है। अधिकतर लोग हमेशा थकान और कमजोरी की शिकायत करते हैं। ऐसा शरीर में खून की कमी की वजह से हो सकता है। खासकर महिलाएं और बच्चों में खून की कमी ज्यादा देखी जाती है। शरीर में खून की कमी तब होती है, जब आपको पर्याप्त मात्रा में आयरन नहीं मिल पाता है। यह ऐसा जरूरी पोषक तत्व है, जो खाने-पीने की चीजों से मिलता है और शरीर में खून बनाने का काम करता है।

आयरन की कमी से एनीमिया रोग (Anemia) होता है। यह एक ऐसा रोग है जिसमें खून में मौजूद स्वस्थ लाल रक्त कोशिकाओं की कमी हो जाती है। लाल रक्त कोशिकाएं ऑक्सीजन को शरीर के ऊतकों तक ले जाने का काम करती हैं। पर्याप्त आयरन के बिना आपका शरीर लाल रक्त कोशिकाओं को नहीं बना पाता है। एनीमिया रोग होने पर आप हमेशा थकान, कमजोरी और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण महसूस कर सकते हैं।

आयरन की कमी कैसे दूर करे? खून की कमी का इलाज करने और एनीमिया से बचाव के उपाय के रूप में आपको ऐसे खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए जिनमें आयरन की मात्रा अधिक होती है। आयुर्वेद डॉक्टर रेखा राधामणि आपको एनीमिया का आयुर्वेदिक उपचार बता रही हैं। उन्होंने आयरन से भरपूर खाद्य पदार्थ बताए हैं जिनके सेवन से आपको शरीर में खून बनाने में मदद मिल सकती है।

सूखा अदरक

एनीमिया और आयरन की कमी को दूर करने के लिए अदरक को प्रभावी पाया गया है। अदरक आयरन के अवशोषण में सहायता करता है और एनीमिया के उपचार में फायदेमंद साबित हो सकता है। इसके लिए आप सूखे अदरक का पाउडर भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

घी और आंवला

आयरन की कमी से बचने और शरीर में खून बनाने के लिए आपको आंवला और घी का सेवन करना चाहिए। डॉक्टर ने बताया कि दोपहर के खाने से पहले आपको एक चम्मच आंवला पाउडर में एक चम्मच घी डालकर खाना चाहिए।

जलन पैदा करने वाले फूड न खाएं 

डॉक्टर ने बताया कि आपको ऐसे खाद्य पदार्थों का सेवन नहीं करना चाहिए जो पेट में जलन पैदा करते हैं या चिपचिपा स्राव बढ़ाते हैं। इसे आयुर्वेद में विदही कहते हैं। इन खाद्य पदार्थों में सेब का सिरका, कॉफी, टमाटर और आलू शामिल हैं।

गुड़ और मुनक्का का सिरप

डॉक्टर का मानना है कि एनीमिया का इलाज करने के लिए आप द्राक्षारिष्ट सिरप का इस्तेमाल कर सकते हैं। खून की कमी दूर करने के लिए आप इसे खाने के बाद 15ml मात्रा में ले सकते हैं। यह गुड़ और मुनक्का जैसी कई आयुर्वेदिक चीजों को मिलाकर बनाया जाता है।

लाल अंगूर और काले किशमिश

सर्दियों में लाल अंगूर के एखूब बिक्री होती है। अगर आप खून की कमी से जूझ रहे हैं, तो आपको इनका खूब सेवन करना चाहिए। इसी तरह काली किशमिश में भी पर्याप्त मात्रा में आयरन पाया जाता है।

डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। यह किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।

Dr. Bhanu Pratap Singh