अशोक चव्हाण ने वीडियो संदेश जारी करके राहुल गांधी के दावे की हवा निकाली

POLITICS

राहुल गांधी के दावे पर महाराष्ट्र भाजपा के नेता अशोक चव्हाण ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जो दावा कर रहे हैं, वो बेबुनियाद है और वह सोनिया गांधी से नहीं मिले थे। अशोक चव्हाण ने बीते दिनों ही कांग्रेस की सदस्यता छोड़कर भाजपा का सदस्यता ली थी।

रविवार को मुंबई की रैली के दौरान राहुल गांधी ने बिना किसी का नाम लिए दावा किया था कि ‘महाराष्ट्र के एक नेता ने उनकी मां के सामने रोते हुए कहा था कि उन्हें शर्म आती है कि वे इस ताकत से नहीं लड़ सकते और वह जेल नहीं जाना चाहते।’

अशोक चव्हाण ने जारी किया वीडियो संदेश

राहुल गांधी के इस बयान को अशोक चव्हाण से जोड़कर देखा गया क्योंकि हाल ही में वही कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए हैं और आदर्श हाउसिंग घोटाले में उनका भी नाम शामिल है।

अशोक चव्हाण ने सोमवार को एक वीडियो संदेश जारी किया, जिसमें उन्होंने कहा कि ‘राहुल गांधी ने रविवार को एक रैली में बयान दिया और किसी का नाम नहीं लिया, अगर वह मेरे बारे में ऐसा कह रहे हैं तो यह अतार्किक और बेबुनियाद है। सच तो यह है कि कांग्रेस से इस्तीफा देने तक मैं पार्टी मुख्यालय में काम कर रहा था। मैंने विधायक पद से इस्तीफा दिया और कुछ देर बाद पार्टी से भी इस्तीफा दे दिया। तब तक किसी को नहीं पता था कि मैंने इस्तीफा दे दिया है।’

चव्हाण ने कहा, ‘मैं सोनिया गांधी से नहीं मिला। यह कहना बेबुनियाद है कि मैंने सोनिया गांधी से मुलाकात की और अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। यह चुनाव के दृष्टिकोण से दिया गया एक राजनीतिक बयान है।’ भाजपा ने चव्हाण को राज्यसभा चुनाव में महाराष्ट्र से टिकट दिया जहां से वह राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए।

मुंबई की रैली में राहुल गांधी ने कही ये बातें

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का रविवार को समापन हो गया। यात्रा के समापन पर विपक्षी गठबंधन की रैली हुई, जिसमें विपक्षी गठबंधन के कई नेता शामिल हुए। इस दौरान राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि ‘हम एक शक्ति से लड़ रहे हैं। अब सवाल ये उठता है कि शक्ति क्या है। राजा की आत्मा ईवीएम, ईडी, सीबीआई, आयकर विभाग में बसती है। मैं नाम नहीं लेना चाहता, लेकिन राज्य के एक बड़े नेता ने कांग्रेस छोड़ी और रोते हुए मेरी मां सोनिया जी से कहा कि मैं शर्मिंदा हूं, मेरे पास इन लोगों, इस शक्ति से लड़ने की ताकत नहीं है। मैं जेल नहीं जाना चाहता।’

-एजेंसी

Dr. Bhanu Pratap Singh