आगरा में गैस की ‘कृत्रिम किल्लत’: प्रशासन कह रहा ‘सब ठीक है’, पर ब्लैक में 1500 के पार पहुँचा घरेलू सिलेंडर

स्थानीय समाचार

​आगरा। अमेरिका-ईरान युद्ध की आहट के बीच ताजनगरी में रसोई गैस को लेकर विरोधाभासी हालात पैदा हो गए हैं। एक तरफ जिला प्रशासन और पूर्ति विभाग दावे कर रहे हैं कि जनपद में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक है, वहीं दूसरी तरफ धरातल पर कालाबाजारी (Black Marketing) ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। हालत यह है कि जो सिलेंडर सरकारी रेट पर मिलना चाहिए, वह गुपचुप तरीके से 1500 रुपये तक में बिक रहा है, जबकि कमर्शियल सिलेंडर की कीमतें 2500 रुपये के पार पहुँच गई हैं।

​दावों और हकीकत के बीच ‘ब्लैक’ का खेल

​जिला पूर्ति विभाग का कहना है कि आगरा में गैस, पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। लेकिन सवाल यह उठता है कि यदि स्टॉक पर्याप्त है, तो फिर सिलेंडर दुकानों से गायब होकर ‘ब्लैक’ में कैसे पहुँच रहे हैं? आशंका जताई जा रही है कि युद्ध के नाम पर कुछ बिचौलियों और जमाखोरों ने ‘कृत्रिम संकट’ पैदा कर दिया है ताकि मुनाफाखोरी की जा सके।

​रेस्टोरेंट संचालकों पर दोहरी मार: बंदी का संकट

​कमर्शियल सिलेंडरों की किल्लत ने शहर के जायके पर भी ब्रेक लगा दिया है। कई छोटे होटल और रेस्टोरेंट बंदी की कगार पर हैं। गैस न मिलने के कारण संचालक अब पुराने कोयले के तंदूरों की ओर रुख करने को मजबूर हैं, लेकिन यहाँ भी उन्हें TTZ (ताज ट्रेपेजियम जोन) की पर्यावरणीय बंदिशों और कानूनी कार्रवाई का डर सता रहा है।

​DSO का आश्वासन: अफवाहों पर न दें ध्यान

​इन शिकायतों के बीच जिला पूर्ति अधिकारी श्री आनन्द कुमार सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि:

​पर्याप्त स्टॉक: जनपद में घरेलू गैस और ईंधन की कोई कमी नहीं है।

​25 दिन का नियम: अब घरेलू गैस की दोबारा बुकिंग 25 दिन के अंतराल पर ही होगी।

डिलीवरी टाइम: बुकिंग के 2 से 3 दिन के भीतर सिलेंडर घर पहुँचाया जा रहा है।

हेल्पलाइन जारी, कालाबाजारी करने वालों की खैर नहीं

​प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे घबराहट (Panic) में आकर अवैध भंडारण न करें। यदि कोई भी एजेंसी या व्यक्ति गैस की कालाबाजारी करता है, तो उसकी शिकायत तुरंत जिला पूर्ति कार्यालय के कंट्रोल रूम नंबर 0526-2972453 पर करें। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

Dr. Bhanu Pratap Singh