मुंबई (अनिल बेदाग)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के पावन अवसर पर संगीत, स्वास्थ्य और आध्यात्मिकता का एक अत्यंत दुर्लभ और सुखद संगम देखने को मिला। पद्मश्री भजन सम्राट अनूप जलोटा के निवास पर एक विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया, जिसने यह स्पष्ट संदेश दिया कि योग महज कुछ शारीरिक मुद्राओं का नाम नहीं है, बल्कि यह एक स्वस्थ, संतुलित और ऊर्जावान जीवन जीने का आधार है। इस प्रेरणादायक आयोजन में सेलिब्रिटी योगा थेरेपिस्ट शिल्पी चुघ की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष और ज्ञानवर्धक बना दिया।
योग, प्राणायाम और सकारात्मक जीवनशैली पर केंद्रित इस सत्र में योगा थेरेपिस्ट शिल्पी चुघ ने योग के वैज्ञानिक और आध्यात्मिक पक्षों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को न केवल शारीरिक रूप से सशक्त और लचीला बनाता है, बल्कि यह मानसिक शांति, भावनात्मक संतुलन और आत्मविश्वास भी प्रदान करता है। शिल्पी चुघ ने सभी उपस्थित लोगों से यह आह्वान किया कि वे योग को केवल एक दिन का उत्सव या औपचारिकता न समझें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का अभिन्न और अनिवार्य हिस्सा बनाएं, ताकि वे जीवन के हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
कार्यक्रम का सबसे यादगार और प्रेरणादायक क्षण तब आया जब भजन सम्राट अनूप जलोटा ने अपने जीवन के छह दशक लंबे योग अभ्यास के अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बताया कि एक गायक के लिए फेफड़ों का स्वस्थ होना और शारीरिक सहनशक्ति का बना रहना बेहद आवश्यक है। अनूप जलोटा ने कहा, “यही कारण है कि मैं अपनी किशोस्था से ही निरंतर योग और प्राणायाम करता आ रहा हूँ।
योग के इसी निरंतर अभ्यास का परिणाम है कि आज भी मैं मंच पर घंटों तक बिना थके और बिना सांस फूले अपनी प्रस्तुति दे पाता हूँ।”
उन्होंने आगे कहा कि योग ने उन्हें न केवल बेहतर शारीरिक स्वास्थ्य का उपहार दिया है, बल्कि उनकी गायकी में एक नई ऊर्जा और ठहराव भी पैदा किया है, जो किसी भी कलाकार के लिए अनिवार्य है।
उत्साह, सकारात्मकता और स्वास्थ्य चेतना से भरपूर इस आयोजन ने एक बार फिर यह प्रमाणित कर दिया कि योग किसी एक विशेष दिन का उत्सव नहीं है, बल्कि यह जीवनभर अपनाई जाने वाली एक ऐसी श्रेष्ठ आदत है, जो मनुष्य के स्वास्थ्य, खुशी और सफलता का मार्ग प्रशस्त करती है। कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने संकल्प लिया कि वे नियमित योगाभ्यास के माध्यम से खुद को स्वस्थ और समाज को ऊर्जावान बनाएंगे।
- करियर के नए अध्याय पर चाहत खन्ना: अब रियलिटी शोज की दुनिया में कदम रखने को तैयार हैं अभिनेत्री - June 23, 2026
- अनूप जलोटा के फिटनेस मंत्र ने जीता दिल, बोले—”योग की बदौलत आज भी घंटों मंच पर गा सकता हूँ” - June 23, 2026
- मुंबई में दिव्यांगजनों के लिए नई सुबह: नारायण सेवा संस्थान ने बांटे 154 अत्याधुनिक कृत्रिम अंग, लौटी चेहरे पर मुस्कान - June 23, 2026