“मेरी बेटी को मारकर मेरे घर को तबाह कर दिया. मेरी अच्छी ख़ासी दुनिया उजाड़ के रख दी. मेरे घर की आमदनी का ज़रिया मेरी बेटी थी. मुझे मिट्टी में मिला के रख दिया. मेरी बेटी मेरे पास थी तो मैं बादशाह था, लेकिन उसे मारकर मुझे फ़क़ीर बना दिया गया.”
यह कहना था अमरीना बट के पिता ख़िज़र मोहम्मद बट का जो अपनी बेटी की मौत के बाद सदमे में हैं. बडगाम के हुशरू गाँव में अपने मकान की दूसरी मंज़िल के एक कमरे में बैठे ख़िज़र मोहम्मद बार-बार अपने चेहरे पर हाथ फेरकर ठंडी आहें भर रहे थे.
उन्होंने कहा, “जिस दरख़्त के साए में मैं जी रहा था, उन्होंने उस दरख़्त को ही गिरा दिया गया. मैं बीमार इंसान हूं और मेरी बेटी सर्दियों में सारा ख़र्चा उठाकर मुझे जम्मू ले जाती थी, लेकिन अब कौन मुझे ले जाएगा और कौन मेरा इलाज करेगा.”
बातचीत में उन्होंने सवाल किया- “मुसलमान ही मुसलमान को मार रहा है, ये कैसा जिहाद है.”
सोशल मीडिया पर कश्मीर में बहुत ही कम समय में अपनी पहचान बनाने वाली आर्टिस्ट तीस वर्षीय अमरीना बट की बीते बुधवार देर रात हत्या कर दी गई थी. दो आतंकवादियों ने उनके घर जाकर अमरीना को बाहर बुलाया और फिर बहुत नज़दीक से उन पर गोली चलाई.
इस हमले में उनका दस साल का एक भांजा भी ज़ख़्मी हो गया.
अमरीना बट की हत्या ऐसे समय में की गई, जब कश्मीर में टार्गेटेड हत्याओं का सिलसिला जारी है. कुछ दिन पहले एक कश्मीरी पंडित राहुल भट्ट की भी हत्या की गई थी. इससे पहले श्रीनगर के सौरा में एक पुलिसकर्मी और उनकी बेटी पर आतंकवादियों ने हमला किया था.
-एजेंसियां
- आगरा रामलीला महोत्सव: राम-रावण युद्ध देखने उमड़ा भारी जनसैलाब, दो घंटे तक चली शानदार आतिशबाजी से जगमगाया आसमान, गूंजे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष - October 21, 2026
- आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम: वृद्धजनों और समाजसेवियों के सम्मान के साथ हुआ आगरा के ऐतिहासिक दशहरा मेले का समापन - October 21, 2026
- श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव में राम-रावण युद्ध और रावण वध का भव्य मंचन: “अधर्म पर धर्म की विजय” के जयकारों से गूंजी रणभूमि - October 21, 2026