केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का जन्मदिन आज, तमाम बडे़ नेताओं ने बधाई दी – Up18 News

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का जन्मदिन आज, तमाम बडे़ नेताओं ने बधाई दी

POLITICS

 

भारत की राजनीति के चाणक्य कहे जाने वाले और देश के गृह मंत्री अमित शाह का आज जन्मदिन है। उन्होंने आज जिंदगी के 58 साल पूरे कर लिए। इस खास मौके पर उन्हें पीएम नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क एवं परिवाहन मंत्री नितिन गडकरी समेत बीजेपी के तमाम बडे़ नेताओं ने बधाई दी।

पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए कहा, ‘भारत के गृह मंत्री के रूप में वह हमारे देश की प्रगति के लिए कई प्रयास कर रहे हैं। वह महत्वपूर्ण सहकारिता क्षेत्र में सुधार के लिए भी सराहनीय कार्य कर रहे हैं। वह हमारे देश की सेवा में एक लंबा और स्वस्थ जीवन व्यतीत करें।’ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कई अन्य नेताओं ने भी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष शाह को जन्मदिन की बधाई दी।

गंभीर ने लिखा, विजय से हम अहंकारी नहीं होते और पराजय से हम निराश नहीं होते

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि शाह, भारत की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए समर्पित तरीके से काम कर रहे हैं। वह उन्हें सौंपी गई हर जिम्मेदारी का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते हैं।

दिल्ली से सांसद गौतम गंभीर ने भी गृह मंत्री को बधाई दी। गंभीर ने ट्वीट कर लिखा कि आधुनिक भारत के सबसे मजबूत नेता को जन्मदिन की बधाई। मैं आपके अच्छे स्वास्थ्य और सफलता की कामना करता हूं। इसके साथ गंभीर ने शाह की एक फोटो भी शेयर की। इसमें लिखा था, ‘विजय से हम अहंकारी नहीं होते और पराजय से हम निराश नहीं होते।’

असम के सीएम ने साझा की मोदी-शाह की पुरानी तस्वीर

असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने अमित शाह को भी जन्मदिन की बधाई दी। हिमंता ने लिखा कि नए भारत के वास्तुकार पीएम नरेंद्र मोदी के साथ अमित शाह मजबूती से खड़े हैं। बीजेपी के उदय में शाह का महत्वपूर्ण योगदान है। गृह मंत्री रहते हुए भारत की आंतरिक सुरक्षा को उन्होंने नई ऊंचाईयों पर पहुंचाया है। मैं अमित शाह को उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई देता हूं। उन्होंने अपने ट्वीट में पीएम मोदी और अमित शाह की दो तस्वीरों को भी साझा किया है।

केंद्रीय सड़क एवं परिवाहन मंत्री नितिन गडकरी ने लिखा कि केंद्रीय कैबिनेट में मेरे साथी देश के गृहमंत्री एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आप स्वस्थ और दीर्घायु रहें, ईश्वर से यही कामना करता हूं।

अमित शाह का राजनीतिक सफर भी जान लीजिए

तीन दशकों से अधिक समय से मोदी के करीबी सहयोगी शाह को 2014 में भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद बड़े पैमाने पर पार्टी के विस्तार का अभियान शुरू करने का श्रेय दिया जाता है। तब से उन्हें पार्टी की अभूतपूर्व चुनावी सफलता के पीछे एक प्रमुख रणनीतिकार माना जाता है।

गृह मंत्री अमित शाह देश के गृह मंत्री बनने से पहले बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं। इस पद पर रहते हुए उन्होंने भारतीय जनता पार्टी को 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। नरेंद्र मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे तब अमित शाह प्रदेश के गृह मंत्री थे। वह अखिल भारतीय परिषद के सक्रिय सदस्य भी रह चुके हैं।