अखिलेश का एलान, गठबंधन के सहयोगियों के साथ मिलकर निकाय चुनाव लड़ेगी सपा – Up18 News

अखिलेश का एलान, गठबंधन के सहयोगियों के साथ मिलकर निकाय चुनाव लड़ेगी सपा

POLITICS

 

लखनऊ : समाजवादी पार्टी अपने गठबंधन के सहयोगियों को भरोसे में लेकर नगर निकाय चुनाव लड़ेगी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस बाबत स्थिति स्पष्ट की है। सपा प्रमुख ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में समाजवादी पार्टी का भाजपा से सीधा मुकाबला है और सपा अपने गठबंधन के सहयोगियों के साथ बातचीत कर चुनाव लड़ेगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने स्मार्ट सिटी के नाम पर जनता को धोखा दिया है। नगरों में कूड़ा भरा पड़ा है, सफाई न होने से बड़े पैमाने पर डेंगू फैला है। नगर निकाय चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाएगी। यादव ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है।

दवाओं से लेकर खाने पीने की सब चीजों के दाम बढ़ गए हैं। आरोप लगाय कि भाजपा सरकार यूपी की नकली ग्रोथ रेट दिखाती है। झूठ को सच दिखाने के लिए 200 करोड़ रुपये खर्च कर अमेरिकी एजेंसी की मदद ली जा रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि ओलावृष्टि से किसानों की फसल तबाह हो गई।

भाजपा ने फसल बीमा का प्रचार किया था लेकिन आज किसानों को कुछ नहीं मिल रहा है। बीमा कंपनियां मुनाफा कमा रहीं हैं। यादव ने कहा कि भाजपा ने अपने एक उद्योगपति मित्र को सरकारी संस्थाओं से पैसा दिलाकर दुनिया में नंबर दो बनाया था। लेकिन एक रिपोर्ट आते ही उद्योगपति की पोल खुल गई। कंपनी में लगाया गया सरकारी संस्थाओं का पैसा डूब रहा है। भाजपा सरकार जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है।