आगरा। स्मार्ट सिटी आगरा में नगर निगम की लचर कार्यप्रणाली और विकास कार्यों की पोल उस समय खुल गई जब वार्ड-12 के भाजपा पार्षद किशन नायक ने विरोध का एक बेहद अजीबोगरीब तरीका अपनाया। मानसून की दस्तक से पहले नालों की सफाई के प्रशासनिक दावों के बीच, पार्षद ने अपने क्षेत्र के एक गंदगी से भरे नाले में उतरकर अपना जन्मदिन मनाया और वहीं केक काटकर विरोध दर्ज कराया। इस विरोध का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है।
इस पूरे प्रकरण ने राज्य की राजनीति को गरमा दिया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस वीडियो को साझा करते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “महापापी भाजपा से पल्ला छुड़ाने के लिए भाजपाई जन प्रतिनिधि तरह-तरह के तरीक़े अपना रहे हैं। वो समझ गये हैं कि भाजपा की डूबती नाव से जितनी जल्दी उतर लो, उतना ही अच्छा है।” उन्होंने आगरा की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा पार्षद ने अपनी ही सरकार की कार्यप्रणाली के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
पार्षद किशन नायक का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर अब तक लगभग 12 बार शिकायतें दर्ज कराई हैं। नगर निगम के आला अधिकारियों से लेकर स्वास्थ्य विभाग और स्मार्ट सिटी प्रबंधन तक को नाले की दुर्गति से बार-बार अवगत कराया गया, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिले।
उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि जब एक जनप्रतिनिधि और खुद महापौर तक की बात को अनसुना किया जा रहा है, तो आम जनता की समस्याओं का समाधान आखिर कौन करेगा?
पार्षद द्वारा नाले में खड़े होकर केक काटने का यह वीडियो, प्रशासन के ‘स्वच्छता अभियान’ और ‘स्मार्ट सिटी’ के दावों पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर रहा है। जहां एक ओर विपक्ष इसे भाजपा के भीतर की कलह और असंतोष के तौर पर देख रहा है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय जनता भी नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर अपना आक्रोश व्यक्त कर रही है।
- आगरा के चर्चित तेजाब कांड में अदालत का ऐतिहासिक फैसला: 13 महीने जेल काटने के बाद निर्दोष साबित हुआ कल्लू, असली आरोपियों पर चलेगा नया मुकदमा - September 4, 2026
- आगरा को दोबारा कहानी का ‘हब’ बनाने की अनूठी पहल: होटल ग्रांड में 7 से 9 सितंबर तक होगी तीन दिवसीय राष्ट्रीय कहानी कार्यशाला - September 4, 2026
- बल्केश्वर के श्री महालक्ष्मी मंदिर में सजा भव्य फूल बंगला और अलौकिक श्याम दरबार, सतरंगी पोशाक में मां महालक्ष्मी के दर्शन कर भाव-विभोर हुए भक्त - September 4, 2026