आगरा। ताज ट्रेपेजियम जोन (TTZ) के कठोर नियमों और विद्युत विभाग की जटिलताओं के बीच दम तोड़ रहे आगरा के उद्योगों को अब उम्मीद की एक नई किरण दिखाई दी है। चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात कर आगरा के लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों के सामने खड़े ‘बिजली संकट’ को पुरजोर तरीके से उठाया है।
उद्यमियों ने साफ किया कि ‘व्हाइट कैटेगरी’ और प्रदूषणमुक्त उद्योगों के साथ हो रही यह नाइंसाफी न केवल व्यापार को बल्कि हजारों लोगों के रोजगार को भी खतरे में डाल रही है।
उपमुख्यमंत्री के आगरा आगमन के दौरान, चैंबर के उपाध्यक्ष अंबा प्रसाद गर्ग के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने विस्तार से अपनी पीड़ा व्यक्त की। गर्ग ने उपमुख्यमंत्री को बताया कि टीटीजेड क्षेत्र में आने वाले गैर-प्रदूषणकारी उद्योगों को नए विद्युत कनेक्शन जारी करने से विद्युत विभाग द्वारा लगातार मनाही की जा रही है। विभाग इसके लिए टीटीजेड की बंदिशों का हवाला देता है, जबकि सर्वोच्च न्यायालय के स्पष्ट निर्देशों में कहीं भी वैध और प्रदूषणमुक्त उद्योगों को बिजली देने पर रोक नहीं है।
प्रतिनिधिमंडल ने एक गंभीर तकनीकी समस्या की ओर इशारा करते हुए बताया कि कई पुराने उद्योग आज भी गैस जेनरेटर पर निर्भर हैं, जो अब तकनीक के लिहाज से अप्रचलित हो चुके हैं। जब उद्यमी इन जेनरेटरों को हटाकर बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन करते हैं, तो विद्युत विभाग टीटीजेड का नाम लेकर फाइलें निरस्त कर देता है।
ब्रश उद्योग और हस्तशिल्प जैसे पारंपरिक व्यवसायों के लिए यह स्थिति जीवन-मरण का प्रश्न बन गई है। ऊपर से औद्योगिक गैस की आपूर्ति में कटौती ने रही-सही कसर पूरी कर दी है, जिससे आगरा का उत्पादन चक्र बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
चैंबर के पदाधिकारियों ने अपनी मांग दोहराते हुए कहा कि उद्योगों को वैकल्पिक ईंधन के रूप में विद्युत कनेक्शन मिलना उनका अधिकार है। यह उद्योग न तो विस्तार कर रहे हैं और न ही इनमें किसी प्रकार का प्रदूषण हो रहा है, बावजूद इसके इन्हें बिजली से वंचित रखना अतार्किक है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उद्यमियों की समस्याओं को बेहद संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे इस मामले को उच्च स्तर पर संबंधित विभागों के समक्ष उठाएंगे। उन्होंने संकेत दिया कि आगरा के औद्योगिक हितों की रक्षा के लिए जल्द ही एक व्यावहारिक समाधान निकाला जाएगा ताकि टीटीजेड की सीमाओं के भीतर भी उद्योग सुचारू रूप से चल सकें।
इस महत्वपूर्ण मुलाकात में चैंबर के उपाध्यक्ष अंबा प्रसाद गर्ग के साथ कोषाध्यक्ष विनय मित्तल, अपूर्व मित्तल, चंद्रवीर सिंह और भीष्म लालवानी सहित उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधि मौजूद रहे।
- आगरा के फतेहाबाद में बड़ा हादसा: उटंगन नदी में नहाने गए दो मासूमों की डूबने से मौत, बकरियां चराने गए थे बच्चे - June 9, 2026
- टीटीजेड की बेड़ियों में जकड़े आगरा के उद्योग: डिप्टी सीएम के दरबार में गूंजी उद्यमियों की आवाज, बिजली कनेक्शन के लिए मिला ठोस आश्वासन - June 9, 2026
- राम मंदिर दान-पात्र विवाद: संजय सिंह का भाजपा पर तंज, कहा—’कोयला, बिजली और अब राम का चढ़ावा भी खा रही भाजपा’ - June 9, 2026