आगरा। फ्रीगंज क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लकड़ी के गोदाम बंसल इंपैक्स में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने गोदाम में रखे भारी मात्रा में लकड़ी के सामान को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन गोदाम में रखा लाखों रुपये का लकड़ी का सामान जलकर राख हो गया। आग के कारण आसपास के इलाकों में धुएं का घना गुबार फैल गया, जिससे कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली। उनका आरोप है कि संबंधित गोदाम बिना फायर एनओसी के संचालित किया जा रहा था, जिससे घनी आबादी वाले इलाके में रहने वाले लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी। लोगों का कहना है कि फ्रीगंज क्षेत्र में ऐसे कई अन्य लकड़ी के गोदाम भी हैं, जो अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर संचालित हो रहे हैं और कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
इस संबंध में संजय प्लेस फायर स्टेशन के प्रभारी एफएसओ सोमदत्त सोनकर ने बताया कि आग लगने की सूचना गोदाम के चौकीदार ने दी थी। सूचना मिलते ही दमकल गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने बताया कि यह गोदाम बिना फायर एनओसी के संचालित किया जा रहा था। करीब दो माह पहले संचालक को एनओसी लेने के लिए नोटिस और बाद में रिमाइंडर भी भेजा गया था, लेकिन लापरवाही बरती गई।
एफएसओ ने बताया कि गोदाम के शेड में चौकीदार का परिवार भी रहता है। यदि आग और फैलती तो उनके लिए गंभीर स्थिति बन सकती थी। आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना फायर एनओसी संचालित प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर अग्नि सुरक्षा नियमों की अनदेखी के गंभीर परिणामों की चेतावनी देती है। समय रहते यदि ऐसे गोदामों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो भविष्य में इससे भी बड़ा और जानलेवा हादसा हो सकता है।
- मानवता की अद्भुत सेवा: आगरा में 117 जरूरतमंद मरीजों के हुए निशुल्क ऑपरेशन; पित्ताशय की पथरी और अपेंडिक्स का हुआ सफल इलाज - February 9, 2026
- मानवता की अद्भुत सेवा: आगरा में 117 जरूरतमंद मरीजों के हुए निशुल्क ऑपरेशन; पित्ताशय की पथरी और अपेंडिक्स का हुआ सफल इलाज - February 9, 2026
- ठाकुर हूं मैं… बक$%दी नहीं करना मेरे साथ…कानपुर HDFC बैंक महिला कर्मचारी ने खोया आपा, ग्राहक पर लैपटॉप तानकर की अभद्रता, वीडियो वायरल - February 9, 2026