आगरा: यमुना नदी का जलस्तर जिले में फिलहाल लगातार बढ़ रहा है। हर घंटे यमुना में 10 सेंटीमीटर पानी बढ़ रहा है। यमुना लो फ्लड लेवल से दो फीट से अधिक ऊपर बह रही है। दयालबाग सहित कई इलाकों में पानी भर गया है। प्रशासन ने शहर में 28 इलाकों को चिन्हित किया है, जहां पर सबसे पहले पानी आने के खतरा है। एक अपार्टमेंट को खाली करने का नोटिस भी चस्पा किया गया है।
यमुना में गोकुल बैराज से हर घंटे पानी छोड़ा जा रहा है। 10 घंटे में यमुना का जलस्तर एक फीट बढ़ रहा है। सोमवार सुबह सात बजे यमुना का जलस्तर 497 फीट तक पहुंच गया, जो कि मीडियम फ्लड लेवल से केवल दो फीट कम है। आज सोमवार रात तक यह जलस्तर एक से दो फीट तक और बढ़ सकता है।
जिला प्रशासन द्वारा यमुना के तटवर्ती इलाकों में लगातार मुनादी कराई जा रही है। लोगों से नदी किनारे न जाने की अपील की जा रही है। लो फ्लड लेवल को पार करने के बाद कई इलाकों में पानी घुस गया। ताजगंज श्मशान घाट भी जलमग्न हो गया है। ताजमहल के पीछे बने गार्डन में भी यमुना का पानी भर गया है। एत्माद्दौला स्मारक से सटकर यमुना बह रही है।
प्रशासन की ओर से यमुना के सभी घाटों पर बेरिकेडिंग करा दी गई है। बल्केश्वर घाट, जौहरा बाग, हाथी घाट, कैलाश मंदिर घाट, दशहरा घाट पर बेरिकेडिंग की गई है। प्रशासन ने दयालबाग की तनिष्क राजश्री कॉलोनी में नोटिस चस्पा किया है। कालोनी के सभी 33 मकानों को खाली करने के लिए कहा गया है। यमुना का पानी कॉलोनी की ओर तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में यहां पर लोगों ने अपना सामान बांध लिया है। उनका कहना है कि पानी आते ही वे लोग सुरक्षित स्थान की ओर निकल जाएंगे।
शहरी क्षेत्र के 28 इलाकों को चिन्हित किया गया है। जलस्तर और बढ़ने पर सबसे पहले इन इलाकों में पानी घुसेगा। सिंचाई विभाग द्वारा जारी सूची में नगला बूढ़ी, अमर विहार, दयालबाग, बल्केश्वर, जसवंत की छतरी, सरस्वती नगर, राधा नगर, जीवनी मंडी, कृष्णा कालोनी, बेलनगंज, सक्सेरिया गली, यमुना किनारा रोड, वेदांत मंदिर से फोर्ट तक, स्ट्रेची ब्रिज, छत्ता बाजार, गोकुलपुरा, कछपुरा, नगला देवजीत, मारवाड़ी बस्ती, मोती महल, यमुना ब्रिज, कटरा वजीर खां, रामबाग बस्ती, अप्सरा टाकीज, भगवती बाग, राधा विहार, केके नगर, जगदंबा डिग्री कॉलेज हैं।
- Agra News: सोशल मीडिया पर दोस्ती करना पड़ा भारी, क्रिप्टोकरेंसी में निवेश का लालच देकर अधिकारी से साइबर ठगों ने हड़पे 2.6 करोड़ रुपये - June 16, 2026
- आगरा के एमजी रोड पर बड़ा प्रशासनिक कदम: कॉलेज के सामने बीच सड़क बनी मजार को आपसी सहमति से कराया जा रहा शिफ्ट, पुलिस बल तैनात - June 16, 2026
- बिहार की मंजू सिन्हा: 16 वर्षों से बेटियों के स्वास्थ्य और जागरूकता की मजबूत आवाज - June 16, 2026