
आगरा। थाना किरावली क्षेत्र के अंतर्गत मिढ़ाकुर चौकी के ग्राम महुअर में सोमवार को अंग्रेजी शराब के ठेके के खिलाफ महिलाओं का आक्रोश खुलकर सामने आ गया। गुस्साई महिलाओं और ग्रामीणों ने ठेके पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया और बाहर लगा बोर्ड तोड़ दिया। स्थिति बिगड़ती देख ठेका सेल्समैन ने भीतर से ताला लगाकर खुद को सुरक्षित किया। सूचना मिलने पर मिढ़ाकुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रदर्शन कर रही महिलाएं लंबे समय से शराब पीकर घर लौटने वाले पुरुषों के कारण होने वाले पारिवारिक झगड़ों, मारपीट और घरेलू अशांति से परेशान थीं। ग्राम महुअर के पास आगरा–जयपुर राजमार्ग पर स्थित अंग्रेजी व देशी शराब के ठेके को लेकर ग्रामीणों में काफी समय से नाराजगी बनी हुई थी।
बताया गया कि इस संबंध में कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से महिलाओं का सब्र जवाब दे गया। सोमवार दोपहर बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण एकत्र होकर ठेके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि पुलिस मौके पर मौजूद है और महिलाओं की शिकायतों की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
- आरडी पब्लिक स्कूल Agra: शिक्षा के साथ संस्कार और प्रतिभा निखार का उत्कृष्ट केंद्र - April 10, 2026
- ज्ञान की दीपशिखा: मन्नाश्री चौहान ने रचा इतिहास, डीईआई आगरा की बनीं टॉपर - April 10, 2026
- इलाहाबाद हाई कोर्ट की तल्ख टिप्पणी— हनीट्रैप के चलते खतरे में सभ्य समाज; जबरन वसूली करने वालों पर तत्काल एक्शन के आदेश - April 2, 2026