आगरा। सिकंदरा क्षेत्र से एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने अपनी कमर्शियल संपत्ति पर अवैध कब्जा कर होटल की आड़ में गैरकानूनी गतिविधियां संचालित किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार उसकी संपत्ति पर रॉयल कैफे नाम से होटल चलाया जा रहा है, जहां खुलेआम जुआ, शराब और अश्लील गतिविधियां होने से न सिर्फ उसका परिवार, बल्कि आसपास के लोग भी भय के साए में जीने को मजबूर हैं।
किराया न देने का विवाद, कब्जे में बदली साजिश
पीड़िता का कहना है कि उसने तय शर्तों पर अपनी व्यावसायिक संपत्ति किराए पर दी थी, लेकिन रामेश्वर वर्मा ने न तो किराया अदा किया और न ही निर्धारित अवधि पर संपत्ति खाली की। किराया मांगने पर आरोपी ने कथित तौर पर धमकाते हुए कहा कि अब किराया भूल जाए। इसके बाद संपत्ति पर जबरन कब्जा जमा लिया गया।
होटल नहीं, अवैध अड्डा बनने का दावा
महिला का आरोप है कि होटल में संदिग्ध लोगों का लगातार आना-जाना रहता है। यहां अवैध शराब परोसी जाती है, जुए की गतिविधियां संचालित होती हैं और तथाकथित “होटल गर्ल्स” की मौजूदगी बताई जा रही है। इन गतिविधियों से क्षेत्र का सामाजिक माहौल लगातार बिगड़ रहा है।
विरोध पर हमला और जान से मारने की धमकी
पीड़िता ने बताया कि जब उसने और उसके पति ने कब्जे और अवैध गतिविधियों का विरोध किया, तो आरोपी और उसके साथियों ने दोनों को धक्का देकर बाहर निकाल दिया और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद से परिवार भयभीत है।
शिकायतों पर कार्रवाई न होने का आरोप
महिला का कहना है कि उसने कई बार पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कथित पुलिस निष्क्रियता से आरोपी के हौसले बढ़े और अवैध गतिविधियां बेरोकटोक चलती रहीं।
न्यायालय के हस्तक्षेप से दर्ज हुआ केस
अंततः पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली। सुनवाई के बाद कोर्ट के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता ने प्रशासन से संपत्ति को कब्जामुक्त कराने, आरोपी पर सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
- Agra News: हजार में हवलदार और लाख में थाना…वाला स्टंट पड़ा भारी, रील बनाने वाले सपा नेता दामा यादव पर FIR; अब लाइसेंस रद्द करने की तैयारी - February 17, 2026
- Agra News: खाकी से बदतमीजी करने वाला शिबू ठाकुर गिरफ्तार, ‘लाइव वीडियो’ वायरल होने के बाद पुलिस का एक्शन - February 17, 2026
- Agra News: खाकी से बदतमीजी करने वाला शिबू ठाकुर गिरफ्तार, ‘लाइव वीडियो’ वायरल होने के बाद पुलिस का एक्शन - February 17, 2026