आगरा। शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और आसमान में घने बादलों के बीच तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। आगरा, टूंडला और आसपास के इलाकों में हुई इस मूसलधार बारिश ने जहां तपती गर्मी से लोगों को राहत दी, वहीं शहर के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या भी सामने आई।
सुबह से ही बादलों की गड़गड़ाहट और बिजली की चमक के साथ तेज बौछारें गिरने लगीं। मौसम की यह बदलाव भले ही सुखद रहा, लेकिन तेज हवाओं और जलजमाव ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित किया। कई इलाकों में पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग का अलर्ट: कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह अलर्ट जारी करते हुए उत्तर भारत के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई है।
दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा के यमुनानगर, करनाल, सफीदों, पानीपत, सोहना, पलवल, नूंह, औरंगाबाद, होडल समेत यूपी के गंगोह, शामली, कांधला, नंदगांव, बरसाना, राया, हाथरस, मथुरा, सादाबाद, आगरा और राजस्थान के भिवाड़ी, डीग और भरतपुर में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने की चेतावनी दी गई है। मथुरा में तो बारिश से जलभराव हो गया। लोगों को घरों से पानी निकालना पड़ा।
इन इलाकों में 40 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। साथ ही बिजली चमकने और गरज के साथ मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
अगले चार दिन मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 1 मई की रात से ही मौसम में बदलाव शुरू हो गया था। अब 2 मई से 4 मई तक लगातार तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला बना रहेगा। इसके बाद 5 और 6 मई को भी रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। इन दिनों कुछ स्थानों पर तूफान और तेज आंधी की स्थिति भी बन सकती है।
इस दौरान अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। अगले तीन दिन दिल्ली-एनसीआर और आगरा सहित कई जिलों में मौसम बदला-बदला रहेगा।
गर्मी से मिली राहत, तापमान में आई गिरावट
तेज हवाओं और बारिश के चलते लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिली है। बीते सप्ताह तक तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंच गया था, लेकिन अब इसमें गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम के इस बदलाव ने न केवल राहत दी है, बल्कि वातावरण को भी ताजा कर दिया है। तापमान में गिरावट आई है। अधिकतम 37° और न्यूनतम 27° सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है।
- आगरा रामलीला महोत्सव: राम-रावण युद्ध देखने उमड़ा भारी जनसैलाब, दो घंटे तक चली शानदार आतिशबाजी से जगमगाया आसमान, गूंजे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष - October 21, 2026
- आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम: वृद्धजनों और समाजसेवियों के सम्मान के साथ हुआ आगरा के ऐतिहासिक दशहरा मेले का समापन - October 21, 2026
- श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव में राम-रावण युद्ध और रावण वध का भव्य मंचन: “अधर्म पर धर्म की विजय” के जयकारों से गूंजी रणभूमि - October 21, 2026