Agra News: ट्रांस यमुना से सुबह लापता हुईं दो बच्चियां मैनपुरी में मिलीं, स्कूल जाने के लिए निकलीं थीं घर से

Crime

 

आगरा: थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र से सुबह लापता हुई दो स्कूली छात्राएं मैनपुरी जिले में मिल गई हैं। पुलिस टीम उन्हें यहां लाने ले लिए परिजनों के साथ रवाना हो गई है। देर रात तक उनको वापस लाए जाने की संभावना है।

ट्रांस यमुना क्षेत्र के ग्रीन क्लीन स्कूल में पढ़ने वाली दो छात्राएं आज मंगलवार की सुबह लापता हो गई थीं। परेशान परिजनों ने उन्हें सब जगह तलाशा कहीं पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पड़ताल शुरू कर दी। स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे खराब थे। आसपास के कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली गई।

थाना प्रभारी सोमनेश कुमार ने बताया कि पुलिस टीमों को कई दिशा में सक्रिय किया गया। साथ ही जिले और अन्य जनपदों के थानों को अलर्ट कर दिया गया। पुलिस की मेहनत रंग लाई और शाम होते-होते बच्चियों के मैनपुरी जिले में होने की सूचना मिल गई। इस पर पुलिस टीम को तुरंत वहां के लिए रवाना कर दिया गया। उन्होंने कहा कि आरंभिक जानकारी में दोनों बच्चियों ने स्वयं ही जाना बताया, शेष जानकारी उनके घर वापस आने पर ही हो सकेगी।

गौरतलब है कि ग्रीन क्लीन स्कूल में कक्षा आठ में कालिंदी विहार की रहने वाली वंशिका और टेढ़ी बगिया की रहने वाली अंशिका सहेली हैं। वंशिका के पिता ने बताया कि वह सुबह साढ़े आठ बजे घर से निकली थी। आज उसका पेपर था। नौ बजे वह स्कूल पहुंची। दोपहर एक बजे तक वापस नहीं आई तो चिंता हुई। स्कूल में जानकारी की तो पता चला कि वह आई ही नहीं है। तभी मालूम पड़ा कि उसकी सहेली अंशिका भी घर नहीं पहुंची है।

दोनों बच्चियों की सहेलियों से भी जानकारी की गई। बच्चों ने बताया कि अंशिका स्कूल आई थी। उसने असेंबली अटेंड की। मगर, इसके बाद वह चली गई। उसने भी पेपर नहीं दिया। बच्चियों के लापता होने की सूचना घर वालों ने पुलिस को दी

 

Dr. Bhanu Pratap Singh