आगरा। थाना बासौनी क्षेत्र के पुरेतनपुरा (बरहा) गांव में एक दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय मासूम की जान चली गई। ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रहे बालक सनी की पुराने और बंद पड़े कुएं में गिरने से मौत हो गई। बताया गया कि साइकिल निकालने के प्रयास में वह कुएं में उतरा था, लेकिन सहारे के लिए बांधी गई साड़ी टूटते ही वह गहराई में जा गिरा। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के मुताबिक सनी के माता-पिता बाह क्षेत्र के पार्वतीपुरा में रहते हैं। सनी पढ़ाई के लिए ननिहाल पुरेतनपुरा गांव में रह रहा था। परिजनों ने बताया कि कुछ बच्चों ने सनी से कहा था कि कुएं में एक साइकिल पड़ी है। इसी बात पर भरोसा कर सनी ने नानी की साड़ी से रस्सी जैसी धजीर बनाई और उसे कमर में बांधकर कुएं में उतर गया। इसी दौरान साड़ी टूट गई और सनी कुएं में गिर पड़ा।
घटना के बाद परिजन रातभर बच्चे की तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। सोमवार को एक बच्ची ने परिजनों को बताया कि सनी कुएं में गिर गया है। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
करीब 24 घंटे बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की मौजूदगी में ग्रामीणों की मदद से कुएं से सनी का शव बाहर निकाला गया। सुरक्षा के लिहाज से पहले यह जांचा गया कि कुएं में गैस तो नहीं है। इसके बाद पड़ोसी गांव के भूप सिंह कुएं में उतरे और शव को बाहर निकाला।
शव बाहर आते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद मां मीरा बेसुध हो गईं, जबकि पिता संजू सदमे में हैं। सनी तीन भाई-बहनों में मंझला था। बड़ी बहन सोना (12 वर्ष) और छोटा भाई मनी (8 वर्ष) है।
मामा रामधुन ने बताया कि वे बेहतर शिक्षा के लिए भांजे को अपने घर लाए थे, लेकिन इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। गांव में मातम पसरा है और हर आंख नम है।
रिपोर्टर- नीरज परिहार
- Agra News: प्राची, मेधा और आशिया को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाकर सीएमओ ने शुरू किया राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान - February 11, 2026
- CM योगी ने बजट को बताया यूपी के 9 वर्षों के ‘नवनिर्माण की गाथा’, कहा- ‘इज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के सिद्धांत पर काम कर रही है सरकार - February 11, 2026
- रिश्तों पर लगा कलंक: गोरखपुर में 15 साल के भतीजे को लेकर भागी 35 साल की चाची, शादी की जिद पर हुआ थाने में हाई-वोल्टेज ड्रामा - February 11, 2026