आगरा। आगरा में गुरुवार सुबह एक मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। बिजली के तार डालने को लेकर शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि बीच-बचाव करने पहुंचे एक व्यक्ति को अपनी जान गंवानी पड़ी। यह सनसनीखेज वारदात बमरौली कटारा थाना क्षेत्र के पावावली गांव की है, जहां लाठी-डंडों से पीटकर भूरी सिंह (50) की हत्या कर दी गई।
खंभे से तार डालने पर शुरू हुआ विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गुरुवार सुबह करीब सात बजे गांव की रहने वाली पूनम और गोलो बिजली के खंभे से अपने घर की ओर तार डाल रही थीं। इसी दौरान दूसरे पक्ष के रामकिशन और बाचा राम वहां पहुंचे और इसका विरोध करने लगे। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो जल्द ही गाली-गलौज और धक्का-मुक्की में बदल गई।
समझाने पहुंचे व्यक्ति पर हमला
विवाद की आवाज सुनकर पास में ही रहने वाले भूरी सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को शांत कराने और झगड़ा खत्म करने की कोशिश की। आरोप है कि उनका हस्तक्षेप आरोपियों को नागवार गुजरा और रामकिशन व बाचा राम ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया।
मौके पर ही गई जान, गांव में दहशत
अचानक हुए हमले में भूरी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उन्होंने घटनास्थल पर दम तोड़ दिया। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिजनों के अनुसार भूरी सिंह घर पर ही परचून की छोटी दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी कोई संतान नहीं थी और उन्होंने अपने बड़े भाई के बेटे रामू को गोद लिया था। उनकी असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस मौके पर, तहरीर का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही थाना बमरौली कटारा पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए आगरा भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष हरीश कुमार शर्मा ने बताया कि अभी पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्कता बरत रही है।
- Agra News: ट्रक के केबिन में हुई थी चालक की हत्या, 24 घंटे के भीतर खलासी गिरफ्तार - July 13, 2026
- आगरा का विद्युत शवदाह गृह बना प्रदेश के लिए मॉडल, महापौर ने भट्ठियों को जल्द ठीक कराने का दिया आश्वासन - July 13, 2026
- आगरा पुलिस का कड़ा प्रहार: नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी और महिला से लूट करने वाला बदमाश गिरफ्तार - July 13, 2026