आगरा: थाना बासौनी के गांव गोपीपुरा में विद्युत चेकिंग करने गई टीम को दबंगों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीट डाला। उनके सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए और रिकॉर्डिंग कर रहे अवर अभियंता का मोबाइल फोन तोड़ दिया। विद्युत टीम को मौके से भागकर अपनी जान बचानी पड़ी। पीड़ित विद्युतकर्मियों ने थाने में तहरीर दी है।
डीवीवीएनएल की एकमुश्त योजना (ओटीएस) के तहत बिजली बिल बकाएदारों से वसूली के लिए टीम गांव-गांव में दौरा कर रही है। इसके साथ ही बकाएदारों के कनेक्शन भी काट रही है। गुरुवार को कुकथरी के गांव गोपीपुरा में गई टीम पर एक दबंग परिवार ने हमला बोल दिया। अवर अभियंता हेमराज सिंह ने बताया कि घटना दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। वे रामरतन के घर का कनेक्शन चेक कर रहे थे। उन पर 12 हजार रुपये से अधिक बकाया था। इसलिए उनका कनेक्शन काटा जा रहा था। इस पर गुस्साए रामरतन, उसके पुत्रों और समधी ने हमला बोल दिया। उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। उनके सरकारी दस्तावेजों को फाड़ डाला।
अवर अभियंता ने कहा कि जब रामरतन का कनेक्शन काट रहे थे तो उसके लड़के गालियां देने लगे। संविदा कर्मी वीरी सिंह मोबाइल फोन से रिकॉर्डिंग करने लगा। इस पर राम रतन के लड़के ने मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद वे खुद अपने मोबाइल से रिकॉडिंग करने लगे तो उनका भी मोबाइल फोन छीनकर जमीन में मार दिया। जिससे मोबाइल टूट गया। गुस्से में आए चार लोगों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। कपड़े और सरकारी दस्तावेज फाड़ डाले। संविदा कर्मी की जेब में रखे करीब 3600 रुपये भी निकाल लिए। पुलिस को 112 नंबर पर कॉल किया गया, तब तक आरोपी भाग चुके थे।
विद्युत कर्मियों ने बताया कि गांव में लगा 25 केवी का ट्रांसफार्मर का फ्यूज जल गया था। शिकायत पर उन्होंने गांव की लाइट चालू करा दी थी। इसके बाद टीम विद्युत चेकिंग करने लग गई। चेकिंग में बकाएदारों के बिजली कनेक्शन काटे जा रहे थे। इसी बात को लेकर विवाद खड़ा हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- इलाहाबाद हाई कोर्ट की तल्ख टिप्पणी— हनीट्रैप के चलते खतरे में सभ्य समाज; जबरन वसूली करने वालों पर तत्काल एक्शन के आदेश - April 2, 2026
- इलाहाबाद हाई कोर्ट की तल्ख टिप्पणी— हनीट्रैप के चलते खतरे में सभ्य समाज; जबरन वसूली करने वालों पर तत्काल एक्शन के आदेश - April 2, 2026
- स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में फंसी प्रयागराज के लाल की जान: युद्ध क्षेत्र से मर्चेंट नेवी सेलर सनी कुमार ने भेजा ‘रेस्क्यू’ का संदेश, बेहाल पत्नी की पीएम मोदी से अपील - April 2, 2026