आगरा। कमला नगर क्षेत्र के कर्मयोगी एन्क्लेव स्थित मीनाक्षीपुरम में करीब 20 साल बाद बनी सड़क महज़ 20 दिन में ही उखड़ने लगी, जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराज़गी है। सड़क निर्माण को लेकर भ्रष्टाचार और मानकों की अनदेखी के गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं।
स्थानीय निवासी प्रशांत सिंघल, जितेंद्र उपाध्याय और वीरेंद्र अग्रवाल ने बताया कि लगातार शिकायतों के बाद नगर निगम ने सड़क का डामरीकरण कराया था। निर्माण के दौरान ही उन्होंने क्षेत्रीय पार्षद और ठेकेदार को सड़क की गुणवत्ता पर सवालों से अवगत कराया था, लेकिन शिकायतों को नज़रअंदाज़ कर दिया गया।
निवासियों का आरोप है कि जल्दबाज़ी में सिर्फ कोलतार की एक परत डालकर औपचारिकता पूरी कर दी गई। नतीजा यह हुआ कि वाहनों के गुजरने से सड़क की गिट्टी उखड़ रही है और जगह-जगह गड्ढे बन रहे हैं।
गिर्राज किशोर, बबीता बंसल, शिखा अग्रवाल और राजकुमारी गुप्ता का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति से हादसे का खतरा बढ़ गया है। लोगों ने नगर निगम से जांच कराकर सड़क का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।
पार्षद ने कहा—जांच कर कार्रवाई होगी
कमला नगर एक्सटेंशन भूड़ का बाग वार्ड की पार्षद कंचन बंसल ने बताया कि उन्हें सड़क खराब होने की कोई सूचना नहीं मिली थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्थल का निरीक्षण कराया जाएगा, सड़क की मरम्मत कराई जाएगी, और यदि ठेकेदार की लापरवाही साबित हुई तो उसके खिलाफ कार्रवाई के लिए नगर आयुक्त से बात की जाएगी।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि 20 साल बाद मिली इस सुविधा का 20 दिन में खराब हो जाना नगर निगम की कार्यशैली और ठेकेदारों की मनमानी को उजागर करता है। लोगों ने मांग की है कि शहर में इस तरह के निर्माण घोटालों पर सख्त अभियान चलाया जाए।
- यूपी एटीएस का बड़ा एक्शन: ISIS मॉड्यूल से जुड़ा BDS छात्र गिरफ्तार, भारत में ‘खिलाफत’ कायम करने की थी साजिश - March 17, 2026
- High Court की नाराजगी के बाद एक्शन मोड में आगरा पुलिस, समय पर जवाब न देने पर रामबाग चौकी प्रभारी पर गिरी गाज - March 17, 2026
- उत्तम नगर हत्याकांड को लेकर आगरा में आक्रोश, तरुण को न्याय दिलाने के लिए पिनाहट में निकाला विशाल कैंडल मार्च - March 17, 2026