आगरा। मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को लघु सभागार में मण्डल स्तरीय कर-करेत्तर एवं आईजीआरएस की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में कर वसूली की स्थिति और जनशिकायतों के निस्तारण की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। कई मदों में अपेक्षित प्रगति न होने पर मण्डलायुक्त ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
कर वसूली में पिछड़े जिले, प्रवर्तन तेज करने के निर्देश
बैठक में सर्वप्रथम कर वसूली की समीक्षा की गई। वाणिज्य कर में आगरा क्रमिक उपलब्धि के लक्ष्य से काफी पीछे पाया गया, जबकि गत वर्ष की तुलना में मैनपुरी में भी प्रगति संतोषजनक नहीं रही। मण्डलायुक्त ने सभी पैरामीटर्स में सुधार लाने के निर्देश दिए। आगरा में आरसी वसूली बेहद कम होने पर नाराजगी जताते हुए मथुरा में भी वसूली बढ़ाने के लिए गंभीर प्रयास करने को कहा गया। सभी जिलों में प्रवर्तन की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए।
स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन में भी आगरा लक्ष्य से पीछे रहा, जबकि फिरोजाबाद की प्रगति में सुधार के निर्देश दिए गए। आबकारी मद में वसूली बढ़ाने पर जोर दिया गया। परिवहन मद में लक्ष्य से पीछे चल रहे आगरा और मथुरा को प्रगति बढ़ाने तथा अधिक से अधिक आरसी वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
विद्युत मद में फिरोजाबाद की प्रगति बढ़ाने को कहा गया। वहीं आगरा में सबसे अधिक आरसी बकाया पाए जाने पर अपर जिलाधिकारी के समन्वय से आरसी वसूली का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। खनिज मद में फिरोजाबाद और मथुरा तथा विधिक माप विज्ञान में चारों जिलों की वसूली प्रगति सुधारने के निर्देश भी दिए गए।
आईजीआरएस रैंकिंग गिरने पर नाराजगी
इसके बाद आईजीआरएस की समीक्षा की गई। बताया गया कि आईजीआरएस रैंकिंग में मैनपुरी 6वें, फिरोजाबाद 22वें, मथुरा 27वें और आगरा 42वें स्थान पर है। इस माह मण्डल की रैंक गिरकर 15वें स्थान पर पहुंचने पर मण्डलायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने जनपदवार संतोषजनक फीडबैक प्रतिशत में वृद्धि करने और आईजीआरएस पर प्राप्त सभी शिकायतों में अनिवार्य रूप से शिकायतकर्ता से संपर्क करने के निर्देश दिए, ताकि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित हो सके।
कई अधिकारियों पर असंतोष
अधिकारीवार असंतोषजनक फीडबैक की समीक्षा के दौरान उप श्रमायुक्त, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण अधिकारी, अधीक्षण अभियंता सिंचाई, संयुक्त शिक्षा निदेशक, पर्यटन अधिकारी, मुख्य अभियंता पीडब्ल्यूडी, उप निदेशक मंडी, अधिशासी अभियंता जल निगम नगरीय सहित कई अधिकारियों पर नाराजगी जताई गई। मण्डलायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल शिकायतकर्ताओं से संपर्क कर प्रकरणों का प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अपर आयुक्त न्यायिक कंचन शरन, अपर आयुक्त प्रशासन राजेश कुमार, जिलाधिकारी आगरा अरविंद मल्लप्पा बंगारी, जिलाधिकारी मथुरा सी.पी. सिंह, जिलाधिकारी फिरोजाबाद रमेश रंजन, जिलाधिकारी मैनपुरी अंजनी कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त आगरा शुभांगी शुक्ला, अपर जिलाधिकारी वित्त फिरोजाबाद विशू राजा, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, आरटीओ अरुण कुमार, बी.डी. शुक्ला (संयुक्त आयुक्त स्टेट जीएसटी) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
- आगरा के सरस्वती विद्या मंदिर में मनाया गया विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस: 800 विद्यार्थियों ने शहीदों और विस्थापितों के संघर्षों को किया नमन - August 15, 2026
- आगरा में मनोरम ग्रुप ने अनोखे अंदाज में मनाई स्वतंत्रता दिवस की खुशियां: बजाज चेतक के 100 परिवारों को दिखाया गया ‘बटवारा’ फिल्म का विशेष शो - August 15, 2026
- आगरा में जूता व्यापारियों की अनोखी पहल, ‘एक तिरंगा, एक संकल्प’ के साथ निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा, गूंजे ‘भारत माता की जय’ के नारे - August 14, 2026