आगरा। थाना बाह क्षेत्र के बटेश्वर में पीपों के पुल से गुरुवार को यमुना में छलांग लगाने वाली युवती की पहचान 23 वर्षीय भावना मिश्रा के रूप में हुई है। मैनपुरी के कुचेरा गांव निवासी भावना की शादी करीब आठ साल पहले नितेश नामक युवक से हुई थी। संतान न होने पर वह लगातार ससुराल में उत्पीड़न का शिकार हो रही थी। इसी मानसिक तनाव के चलते वह ससुराल छोड़कर मक्खनपुर की एक फैक्ट्री में नौकरी कर रही थी।
फैक्ट्री में ही उसकी मुलाकात दौलतपुर मोहिद्दीनपुर निवासी गुलशन यादव उर्फ गोलू से हुई। दोनों में निकटता बढ़ी और पिछले कुछ महीनों से दोनों अक्सर साथ देखे जाते थे। परिजनों का कहना है कि अत्यधिक तनाव और टूट चुके वैवाहिक संबंधों के कारण वह मानसिक रूप से बेहद परेशान चल रही थी।
बताया जाता है कि भावना पांच दिन पहले दवा लेने के बहाने घर से शिकोहाबाद के एक गांव आई थी। गुरुवार को वह गुलशन के साथ बटेश्वर पहुंची, जहां दोनों ने पीपों के पुल से यमुना में छलांग लगा दी। उसी दिन गोताखोरों ने गुलशन का शव बरामद कर लिया, लेकिन भावना का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
शुक्रवार को भी गोताखोरों की टीम ने दिनभर तलाशी अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। नदी तट पर पुलिस के साथ-साथ भावना के माता-पिता और अन्य परिजन भी मौजूद रहे तथा खोज अभियान में सहायता करते रहे।
भावना को अंतिम बार घर छोड़ने वाले विकास चंद्र ने बताया कि गुरुवार को उन्होंने ही उसे घर तक छोड़ा था।
पुलिस और परिजनों का प्रारंभिक अनुमान है कि ससुराल के निरंतर उत्पीड़न, मानसिक तनाव और टूटे रिश्तों ने भावना को इस चरम कदम के लिए मजबूर कर दिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवती की तलाश जारी है।
- ADA उपाध्यक्ष का ‘रौद्र’ रूप: 10 टाउनशिप के काम में सुस्ती पर ठेकेदारों को फटकार, फूड कोर्ट का लाइसेंस निरस्त - March 24, 2026
- आगरा के लिए बड़ी पहल: कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने सीएम योगी से की मुलाकात, इनर रिंग रोड और जलभराव पर मांगा ‘न्याय’ - March 24, 2026
- टेक्नोलॉजी से मिली सफलता: CEIR पोर्टल और सर्विलांस टीम ने खोज निकाले गुम हुए 304 मोबाइल, आगरा पुलिस की शानदार रिकवरी - March 24, 2026