आगरा। जनपद के थाना डौकी क्षेत्र के अंतर्गत कौलारा कलां के बरकुला गांव में एक घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। एक महिला को भूत-प्रेत का साया बताकर उसके ही पिता और उसके साथी ससुराल से रात में ले गये। दूसरे दिन सुबह खून से सनी हालत में ससुराल में छोड़ गये। महिला की हालत इतनी गंभीर थी कि उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। माना जा रहा है भूत-प्रेत के इलाज के नाम पर तांत्रिक ने महिला को बुरी तरह पीटा है, जिससे वह अधमरी हो गई।
बरकुला निवासी राजेंद्र सिंह पुत्र बनवारी लाल ने थाने में दी तहरीर में बताया कि 21 जून की रात उनके घर उनके समधी और पुत्रवधु ईश्वर देवी के पिता ओमप्रकाश पहुंचे। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी पर भूत-प्रेत का साया है और उसे झाड़-फूंक के लिए ले जाना है। राजेंद्र सिंह ने यह कहते हुए साफ मना कर दिया कि वे इस तरह की बातों पर विश्वास नहीं करते, इसलिए पुत्रवधु को भेजना संभव नहीं है।
राजेंद्र सिंह के अनुसार, उनकी मर्जी के बिना ही ओमप्रकाश रात में ही उनकी पुत्रवधु को चुपचाप ले गए। उन्हें इसका आभास भी नहीं हुआ। 22 जून की सुबह घर के बाहर चीख-पुकार मची। वे जब दौड़कर घर के बाहर आए तो देखा कि ईश्वर देवी खून से सनी हुई थी और बेहोश थी। उसके मुंह, पीठ और शरीर के कई हिस्सों पर गहरे नीले चोटों के निशान थे। स्थिति इतनी नाजुक थी कि केवल सांसें चल रही थीं।
परिजन तुरंत ईश्वर देवी को रामतेज सुराना अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे भर्ती कर लिया। फिलहाल इलाज जारी है।
राजेंद्र सिंह को जब यह पता चला कि उनके ही समधी और पुत्रवधु के पिता ओमप्रकाश व उनके साथी ही उनके मना करने के बाद भी ईश्वर देवी को अपने साथ ले गए थे तो वे थाना डौकी जा पहुंचे। राजेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि इन सभी से हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की जाए कि आखिर उस रात उनकी पुत्रवधु के साथ क्या हुआ। उन्होंने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। थाना डौकी पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
- आगरा के बाह में सपा की बैठक में हाईवोल्टेज ड्रामा: चुनाव आयोग के खिलाफ रणनीति बना रहे नेताओं के बीच जमकर हुई तीखी बहस और हाथापाई - October 5, 2026
- आगरा में कानून-व्यवस्था को चुनौती देती मारपीट की तीन घटनाएं: साकेत कॉलोनी, ताजगंज और सिद्ध साहनी नगर में दबंगों का तांडव, पुलिस ने दर्ज किए मुकदमे - October 5, 2026
- सपा के 34वें स्थापना दिवस पर बीजेपी का तीखा प्रहार: ‘पाप का घड़ा’ फोड़कर खोला 34 सालों के कुशासन का कच्चा-चिट्ठा, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने गिनाए कई गंभीर मामले - October 5, 2026