Agra News: चालक की गिरफ्तारी से चंबल घाट पर स्टीमर ठप, छह घंटे तक फंसे रहे सैकड़ों यात्री

स्थानीय समाचार

आगरा। जिले के पिनाहट क्षेत्र में चंबल नदी के घाट पर स्टीमर का संचालन करीब छह घंटे तक ठप रहने से सैकड़ों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, स्टीमर चालक की गिरफ्तारी के विरोध में कर्मचारियों ने उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश को जोड़ने वाले दोनों घाटों के बीच स्टीमर चलाना बंद कर दिया था।

बताया गया है कि स्टीमर से कथित रूप से यूरिया निकालने के मामले में चालक को मध्य प्रदेश के महुआ थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। चालक की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही स्टीमर कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने तत्काल संचालन रोक दिया। इसके चलते चंबल नदी के दोनों किनारों पर यात्रियों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं।

भीड़ बढ़ने से चंबल घाट क्षेत्र में अव्यवस्था फैल गई और यात्रियों में नाराजगी देखी गई। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात करना पड़ा। कई यात्री घंटों तक घाट पर फंसे रहे, जिससे दैनिक आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।

बाद में चालक को छोड़े जाने के बाद पुलिस की मौजूदगी में स्टीमर का संचालन पुनः शुरू कराया गया। इसके बाद हालात धीरे-धीरे सामान्य हो सके और यात्रियों ने राहत की सांस ली।

गौरतलब है कि चंबल घाट पर स्टीमर ही उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच आवागमन का प्रमुख साधन है। इसके ठप रहने से रोजमर्रा के यात्रियों, मजदूरों और व्यापारियों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने भविष्य में इस तरह की स्थिति से बचने के लिए स्थायी समाधान की मांग की है।

Dr. Bhanu Pratap Singh