आगरा,। रावतपाड़ा स्थित प्राचीन श्रीमनःकामेश्वर मंदिर में शुक्रवार को भक्तिभाव और उल्लास के बीच श्रीनाथ जी बाबा का छठी उत्सव धूमधाम से संपन्न हुआ। सुबह से ही मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और छठी उत्सव के भजनों की गूंज से पूरा वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंग गया।
इस अवसर पर मंदिर के महंत योगेश पुरी एवं मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने श्रद्धालुओं को छठी उत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठी उत्सव भगवान श्रीकृष्ण के जीवन का पावन पर्व है, जो भक्तों को निष्काम भक्ति, आनंद और सद्भाव का संदेश देता है।
कार्यक्रम में श्री नाथ जी बाबा का विशेष श्रृंगार किया गया। फूलों, आभूषणों और विविध अलंकारों से सुसज्जित ठाकुर जी का दिव्य स्वरूप देखकर भक्त अभिभूत हो उठे और बार-बार दर्शन कर स्वयं को धन्य मानते रहे।
श्रृंगार के पश्चात भजनों की प्रस्तुतियों ने समूचे प्रांगण को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। श्रद्धालुओं ने देर शाम तक कढ़ी चावल, हलवा, पूड़ी, सब्जी और अन्य पकवानों की प्रसादी ग्रहण की।
पुष्टिमार्गीय श्री प्रेमनिधि जी मंदिर में गूंजी कान्हा की छठी की बधाई
आजु छठी मैया घर आवीं, लालो की लाज राखन धावीं…. पद गान गाते हुए नाई की मंडी स्थित श्री प्रेमनिधि जी मंदिर में ठाकुर श्याम बिहारी जी का छठी उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी के छठवें दिन आयोजित इस पावन अवसर पर मंदिर प्रांगण छठी मैया की बधाई के गीतों से गूंज उठा।
श्रद्धालु महिलाओं ने मैया यशोदा के भाव से मंदिर की दीवारों पर छठी मैया का चित्र अंकित कर पूजन-अर्चन किया।
मुख्य सेवायत हरिमोहन गोस्वामी और सुनीत गोस्वामी ने बताया कि पुष्टिमार्ग में छठी पूजन, जिसे षष्ठी पूजन भी कहा जाता है, भगवान कृष्ण के बाल रूप की छठी के रूप में मनाया जाता है। इसमें नंद बाबा और यशोदा माता अपने लाला की रक्षा हेतु कुलदेवी की पूजा करते हैं।
- ‘चोली के पीछे क्या है गाने पर मार-मार कर नचवाया’, प्रेस कॉन्फ्रेंस में छलक उठा सपा नेताओं का दर्द; इंस्पेक्टर समेत 8 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर - August 22, 2026
- सीएम योगी के बयान पर अखिलेश यादव का तीखा पलटवार: बोले- ‘एकरंगी क्या जानें पीडीए के बहुरंग, जितनी पीड़ा बढ़ेगी, उतना मजबूत होगा पीडीए’ - August 22, 2026
- अखिलेश यादव के ‘चवन्नी से रुपया’ वाले बयान पर गरमाई यूपी की सियासत: जयंत चौधरी, केशव मौर्य और मायावती ने बोला तीखा हमला - August 22, 2026