आगरा। जनपद के थाना पिनाहट क्षेत्र में चंबल नदी घाट के पास बाइक सवार दो युवकों के साथ सामूहिक मारपीट और लूटपाट की वारदात सामने आई है। पीड़ितों का आरोप है कि करीब एक दर्जन हमलावरों ने रास्ता रोककर उनसे नकदी, मोबाइल और जेवरात छीन लिए। हालांकि, घटनास्थल और परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस इस पूरे मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।
शादी से लौटते समय घात लगाकर बैठे थे हमलावर
पीड़ित राम प्रकाश और सुनील (निवासी अम्बा बेतरवा) ने पुलिस को बताया कि वे सोमवार देर रात फतेहाबाद में एक शादी समारोह से बाइक द्वारा अपने गांव लौट रहे थे। चंबल पुल से महज 50 मीटर पहले ही करीब 12 अज्ञात युवकों ने उनकी बाइक रोक ली। पीड़ितों का आरोप है कि बदमाशों ने उन्हें लाठी-डंडों से पीटा और उनके पास मौजूद नकदी, मोबाइल फोन और सोने की अंगूठी लूट ली।
पुलिस को मामला लग रहा संदिग्ध, जांच शुरू
लूट की सूचना मिलते ही पिनाहट थाना पुलिस सक्रिय हो गई। पीड़ितों ने थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिस स्थान पर वारदात बताई जा रही है, वह बेहद संवेदनशील और बीहड़ क्षेत्र है। इतनी बड़ी संख्या में (12 लड़के) हमलावरों की मौजूदगी और वारदात के समय को लेकर पुलिस को कुछ संदेह है।
सीसीटीवी और आईपी एड्रेस पर नजर
पुलिस अब घटनास्थल के आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही लूटे गए मोबाइल फोन की लोकेशन को भी ट्रैक किया जा रहा है। थाना प्रभारी का कहना है कि जल्द ही मामले की जांच कर खुलासा किया जाएगा।
- CM योगी की मां पर टिप्पणी करने वाला मौलाना गिरफ्तार: यूपी लाते ही निकली हेकड़ी, कस्टडी में लंगड़ाता दिखा आरोपी - March 31, 2026
- UP ब्यूरोक्रेसी में भूचाल: ‘साइडलाइन’ किए जाने से आहत IAS रिंकू सिंह राही ने दिया इस्तीफा - March 31, 2026
- “जियो और जीने दो” का जीवंत संदेश: नन्हें बच्चों ने पक्षी घर में वन्यजीवों के स्वरूप में भगवान महावीर के सिद्धांतों को बना दिया सजीव अनुभव - March 31, 2026