आगरा। जनपद के खंदौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत उजरई गांव में रविवार देर रात एक गारमेंट और टेक्सटाइल गोदाम में भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में लाखों रुपये का रेडीमेड कपड़ा जलकर राख हो गया। घटना के दौरान फायर ब्रिगेड की टीम के समय पर न पहुंचने से ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश देखा गया। अंततः ग्रामीणों ने खुद ही मोर्चा संभाला और करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
देर रात मची अफरातफरी, दहशत में आए ग्रामीण
जानकारी के अनुसार, यह गोदाम उजरई निवासी पूरन सिंह और उनके भाई सत्यप्रकाश का है। रात करीब दो बजे जब पूरा गांव सो रहा था, तभी गोदाम से आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठने लगा। शोर मचने पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए। आग इतनी विकराल थी कि उसने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने की कोशिश में गोदाम मालिक मामूली रूप से झुलस भी गए, जिन्हें उपचार दिया गया है।
सिस्टम फेल, ‘सबमर्सिबल’ बना सहारा
ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के घंटों बाद तक दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। पुलिस की पीआरवी तो पहुंची, लेकिन बिना संसाधनों के वह भी बेबस दिखी। ऐसे में ग्रामीणों ने एकता का परिचय दिया और आसपास के घरों के सबमर्सिबल पंप चालू कर पानी की बौछारें शुरू कीं। लगातार चार घंटे तक ग्रामीण आग से जूझते रहे, तब जाकर लपटें शांत हुईं।
जांच में जुटी पुलिस
पीड़ित परिवार ने इस मामले में थाना खंदौली में तहरीर दी है। खंदौली इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों (संभावित शॉर्ट सर्किट या अन्य) की गहनता से जांच की जा रही है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- फरीदाबाद में अग्नि तांडव: केमिकल फैक्ट्री में धमाकों के साथ लगी आग, 35 कर्मचारी झुलसे, 2 की हालत नाजुक - February 16, 2026
- भिवाड़ी अग्निकांड: ‘गारमेंट’ की आड़ में चल रही थी मौत की फैक्ट्री, धमाके से दहली औद्योगिक नगरी; 8 मजदूर जिंदा जले - February 16, 2026
- आगरा में गूंजा सनातन एकता का स्वर: विराट हिंदू सम्मेलन में बोले वक्ता— ‘संगठित समाज ही राष्ट्र की शक्ति’ - February 16, 2026