आगरा: पुलिस कमिश्नरेट आगरा में अनुशासनहीनता और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना पर पुलिस कमिश्नर ने कड़ा प्रहार किया है। शाहगंज थाना प्रभारी (SHO) वीरेश पाल गिरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने डीसीपी सिटी के आदेश को दरकिनार करते हुए वसूली के आरोपी सिपाही सनी मलिक को ‘लाइन हाजिर’ होने के बावजूद थाने से रिलीव नहीं किया और उसे वीआईपी ड्यूटी पर भी भेज दिया।
वसूली और अवैध हिरासत का है मामला
विवाद की शुरुआत शाहगंज क्षेत्र के जेसीबी मालिक रईस खान से जुड़ी है। आरोप है कि सिपाही सनी मलिक ने फाइनेंस कंपनी के साथ मिलीभगत कर रईस खान को अवैध रूप से हिरासत में लिया और 25 हजार रुपये की वसूली की। शिकायत की पुष्टि होने पर डीसीपी सिटी ने सिपाही को तत्काल लाइन हाजिर करने का आदेश दिया था।
आदेश के बाद भी थाने में जमा रहा सिपाही
पुलिसिया कार्यप्रणाली पर सवाल तब उठे जब पता चला कि लाइन हाजिर होने के बावजूद सनी मलिक को कार्यमुक्त नहीं किया गया। हद तो तब हो गई जब शनिवार को वीआईपी दौरे के दौरान उसकी ड्यूटी शिल्पग्राम के पास लगा दी गई। ड्यूटी चार्ट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे की भारी किरकिरी हुई, जिसके बाद पुलिस कमिश्नर ने यह सख्त कदम उठाया।
थानों में बड़ा फेरबदल: राजीव त्यागी बने शाहगंज के नए इंचार्ज
निलंबन की इस कार्रवाई के साथ ही कमिश्नरेट ने कई महत्वपूर्ण तबादले भी किए हैं:
राजीव त्यागी: थाना न्यू आगरा से हटाकर शाहगंज का नया थाना प्रभारी बनाया गया।
योगेश नागर: पर्यटन थाना प्रभारी से अब न्यू आगरा की कमान संभालेंगे।
सुबोध कुमार: इंस्पेक्टर क्राइम (न्यू आगरा) को किरावली स्थानांतरित किया गया है।
पुरानी घटनाओं ने फिर उठाए सवाल
आगरा में ‘लाइन हाजिर’ की कार्रवाई पर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। पूर्व में भीम आर्मी कार्यकर्ताओं से अभद्रता करने वाले दरोगा और ताजगंज की एक चौकी के दरोगा के मामलों में भी आदेशों की ऐसी ही अनदेखी देखी गई थी। ताजा कार्रवाई से कमिश्नर ने स्पष्ट संदेश दिया है कि ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश की अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
- ’चलो गाँव की ओर’: लायंस क्लब और आगरा डायबिटीज फोरम ने बलदेव में लगाया मेगा हेल्थ कैंप, 500 मरीजों को मिली राहत - February 22, 2026
- Agra News: वीआईपी रोड पर ट्रैफिक नियमों के उड़े परखच्चे, सनरूफ खोलकर स्टंट करते दिखे युवा, एक्शन की तैयारी - February 22, 2026
- सलाम! विदाई के बाद ससुराल नहीं, सीधे ‘इंटरव्यू’ देने पहुंची दुल्हन; दूल्हे की समझदारी ने पेश की महिला सशक्तिकरण की मिसाल - February 22, 2026