आगरा। धार्मिक आस्था के लिए प्रसिद्ध बटेश्वर तीर्थ में कल शाम घटी हृदय विदारक घटना में उस श्रद्धालु का अभी तक कोई पता नहीं चला है जो नहाते समय यमुना नदी की धारा में समा गया था। स्नान के लिए यमुना में उतरे युवक को लहरों ने ऐसा अपनी गिरफ्त में लिया कि वह बाहर नहीं निकल सका। कल रात से ही शुरू हुआ सर्च अभियान आज दूसरे दिन भी जारी रहा, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका है।
मिली जानकारी के अनुसार, इरादतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम करोंधना कलां निवासी 35 वर्षीय मानवेंद्र पुत्र अशोक रघुवंशी अपने साथी अजय पुत्र मुरारी लाल के साथ बटेश्वर मंदिर दर्शन करने गया था। बटेश्वर में शाम करीब 7 बजे मानवेंद्र यमुना नदी में स्नान करने उतरा। गहराई में चले जाने के कारण वह अचानक डूब गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस और गोताखोरों को बुलाया। अंधेरे में रोशनी की कमी के बावजूद रातभर गोताखोरों ने युवक की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंधेरा और तेज बहाव के चलते रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा था।
शुक्रवार सुबह होते ही एनडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने फिर से तलाश शुरू कर दी। बटेश्वर से विक्रमपुर घाट तक गोताखोरों ने मानवेंद्र को तलाशा, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग सका है।
सूचना मिलते ही मानवेंद्र के परिजन बटेश्वर पहुंच गए थे। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक विवाहित था और उसके दो पुत्र तथा एक पुत्री हैं। खेती और बेलदारी का काम कर जीवन यापन करने वाले इस परिवार पर गम का पहाड़ टूट पड़ा है।
- आगरा में कोली गर्जना महासंघ का प्रथम स्थापना दिवस: केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने समाज को एकता और शिक्षा का दिया संदेश - July 6, 2026
- ’ग्रीन आगरा–स्वस्थ आगरा’ का संकल्प: महापौर हेमलता दिवाकर ने अंकोल का पौधा रोपित कर शुरू किया वृक्षारोपण महाभियान - July 6, 2026
- आगरा के सर्व ओमेक्स मॉल में हुड़दंग: कार सवार नाबालिगों ने पार्किंग में फोड़े पटाखे, मची अफरा तफरी - July 6, 2026