आगरा। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के पैतृक गांव बटेश्वर को केंद्र सरकार ने एक बड़ी सौगात दी है। रेलवे होल्ट के रूप में पहचाने जाने वाले बटेश्वर को अब पूर्ण विकसित रेलवे स्टेशन का दर्जा मिलेगा। केंद्र सरकार ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह जानकारी केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने फतेहपुर सीकरी के सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर को पत्र के माध्यम से दी।
यह उपलब्धि सांसद राजकुमार चाहर के निरंतर और प्रभावी प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है। उन्होंने संसद के मानसून सत्र के दौरान लोकसभा में बटेश्वर रेलवे होल्ट को पूर्ण रेलवे स्टेशन में परिवर्तित किए जाने का मुद्दा मजबूती से उठाया था। सांसद चाहर ने सदन में बताया था कि बटेश्वर न केवल धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है, बल्कि सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है।
उन्होंने कहा था कि बटेश्वर में ब्रह्मलाल जी महाराज का मंदिर, 108 प्राचीन मंदिरों की श्रृंखला, यमुना नदी का पावन तट और श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी का पैतृक निवास स्थित है, जहां देश-विदेश से श्रद्धालु और पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। ऐसे में यहां बेहतर रेल सुविधाओं की नितांत आवश्यकता है।
सांसद चाहर ने मांग की थी कि बटेश्वर रेलवे होल्ट को आधुनिक सुविधाओं से युक्त भव्य रेलवे स्टेशन में बदला जाए और प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिल सके। इसी क्रम में उन्होंने 30 जुलाई 2025 को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को इस संबंध में एक औपचारिक पत्र भी सौंपा था।
रेल मंत्री ने अपने पत्र में अवगत कराया कि सांसद की मांग को स्वीकार करते हुए बटेश्वर रेलवे होल्ट के स्थान पर पूर्ण रेलवे स्टेशन के निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। प्रस्तावित स्टेशन पर यात्रियों के लिए सभी आवश्यक जनसुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही यहां एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव और भविष्य में नई रेल सेवाओं के संचालन की संभावनाएं भी बनेंगी।
इस निर्णय से बटेश्वर क्षेत्र में पर्यटन विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, व्यापार और उद्योग को बढ़ावा मिलेगा तथा आगरा जिले के पर्यटन मानचित्र पर बटेश्वर की पहचान और मजबूत होगी।
सांसद राजकुमार चाहर ने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह फैसला श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। विशेष रूप से उनके जन्म शताब्दी वर्ष में की गई यह घोषणा क्षेत्रवासियों के लिए गौरव और भावनात्मक महत्व रखती है। सांसद ने इसे बटेश्वर और बाह क्षेत्र के विकास की दिशा में एक मील का पत्थर बताया।
- भारत के ईपीसी सेक्टर के लिए निर्णायक साबित होंगे अगले 12 महीने, एक्ज़ीक्यूशन एक्सीलेंस बनेगा इंफ्रास्ट्रक्चर लीडर्स की असली पहचान - December 30, 2025
- रंगमंच पर साकार हुआ कृष्ण-तत्व, “मेरे भीतर का कृष्ण” बनी आत्मिक अनुभूति की अनुपम प्रस्तुति - December 30, 2025
- यूपी SIR का नया शेड्यूल जारी: 6 जनवरी को आएगी ड्राफ्ट लिस्ट, जानें जरूरी तारीखें - December 30, 2025