Agra News: पिनाहट में आलू की खुदाई कर रहे किसान पर गिरा हाईटेंशन लाइन का तार, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

स्थानीय समाचार

पिनाहट (आगरा)। ताजनगरी के ग्रामीण अंचलों में जर्जर विद्युत लाइनों का खतरा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। थाना पिनाहट क्षेत्र के अरनोटा मार्ग पर रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जहाँ खेत में आलू की खुदाई कर रहे एक युवा किसान पर ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का जर्जर तार टूटकर गिर पड़ा। करंट की चपेट में आने से किसान बुरी तरह झुलस गया है। इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने घायल किसान को अस्पताल पहुँचाने के बाद खेत में ही धरना शुरू कर दिया है।

​आलू की खुदाई कर रहे सोनू पर काल बनकर गिरा तार

मिली जानकारी के अनुसार, अरनोटा मार्ग निवासी सोनू उर्फ रवि पुत्र रामभरोसी अपने खेत में आलू की खुदाई का काम करवा रहा था। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन का एक जर्जर तार अचानक टूट गया और सीधे सोनू पर जा गिरा। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने सूझबूझ से किसी तरह सोनू को करंट की चपेट से बाहर निकाला और गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया।

​बार-बार की शिकायतों के बाद भी नहीं बदला गया तार

परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि पिनाहट क्षेत्र में खेतों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनें लंबे समय से जर्जर हालत में हैं। इस संबंध में बिजली विभाग के अधिकारियों को कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें की गई थीं, लेकिन विभाग ने सुध लेना उचित नहीं समझा। परिजनों का कहना है कि यह हादसा विभाग की ‘आपराधिक लापरवाही’ का नतीजा है।

खेत में ‘न्याय’ के लिए धरना और नारेबाजी

​घटना से भड़के ग्रामीण और परिजन खेत में ही धरने पर बैठ गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग के लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ जब तक सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं होगी और जर्जर तारों को बदलने का ठोस आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक वे धरना खत्म नहीं करेंगे। प्रदर्शनकारियों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रशासन से उचित मुआवजे की भी मांग उठाई।

क्षेत्र में बढ़ा रोष

​इस हादसे के बाद पूरे पिनाहट क्षेत्र के किसानों में रोष है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जर्जर तारों को दुरुस्त नहीं किया गया, तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

Dr. Bhanu Pratap Singh