आगरा: ताजनगरी के गोकुलपुरा क्षेत्र में चल रहे दो दिवसीय सुप्रसिद्ध गणगौर मेले का रविवार देर रात भव्य शोभायात्रा और पारंपरिक अनुष्ठानों के साथ गरिमामय समापन हो गया। भक्ति, परंपरा और ब्रज की अनूठी संस्कृति के संगम ने पूरे क्षेत्र को उत्सव के रंग में सराबोर कर दिया। मेले के दूसरे दिन उमड़े जनसैलाब ने यह साबित कर दिया कि यह आयोजन आगरा की सांस्कृतिक धरोहर का एक अटूट हिस्सा है।
भाजपा महानगर अध्यक्ष ने किया द्वितीय दिवस का शुभारंभ
मेले के दूसरे दिन के कार्यक्रमों का औपचारिक शुभारंभ भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा, “गोकुलपुरा का यह मेला केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि हमारी सनातन परंपराओं की जीवंत विरासत है, जो युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों और संस्कारों से जोड़ने का कार्य कर रही है।”
32 जोड़ों की भव्य शोभायात्रा और लोकगीतों की गूंज
मेले का मुख्य आकर्षण रविवार रात्रि को निकाली गई विशाल शोभायात्रा रही। इसमें ईसर-गौरा के 32 जोड़ों को बेहद आकर्षक और पारंपरिक वेशभूषा में सजाया गया था।
शोभायात्रा गोकुलपुरा से शुरू होकर कंसगेट, अशोक नगर, राजा मंडी और मंशा देवी क्षेत्र की गलियों से गुजरी। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने श्रद्धा भाव से इन जोड़ों को सिर पर धारण कर नगर भ्रमण कराया। जगह-जगह पुष्प वर्षा और आरती के साथ शोभायात्रा का स्वागत हुआ।
भस्मासुर दहन और सांस्कृतिक संध्या
समापन की पूर्व संध्या पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों ने भजनों, लोकगीतों और मनमोहक नृत्यों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ब्रज संस्कृति की झलक पेश करती इन प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। वहीं, देर रात परंपरा के अनुसार भस्मासुर दहन का आयोजन किया गया, जिसे देखने के लिए हजारों की संख्या में भीड़ उमड़ी।
300 से अधिक स्टॉल और झूलों की धूम
मेला प्रभारी ललित शर्मा, अध्यक्ष मनीष वर्मा और महामंत्री नरेंद्र वर्मा ने बताया कि दो दिनों में लाखों श्रद्धालुओं ने मेले का आनंद लिया। पूरे क्षेत्र में 300 से अधिक स्टॉल, विशाल झूले और विद्युत सजावट ने गोकुलपुरा को देवलोक जैसा स्वरूप दे दिया। कमेटी ने सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
आयोजन को सफल बनाने में मुख्य संरक्षक पंडित दिनेश चंद्र शर्मा, कोषाध्यक्ष गोविंद वर्मा, संयोजक नरेश करेरा, संरक्षक महेश चंद्र शर्मा, रमेश चंद्र वर्मा सहित पूरी कार्यकारिणी ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई।
- आगरा के एस.एन. मेडिकल कॉलेज को मिले 202 नए ‘नर्सिंग ऑफिसर’: कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और विधायकों ने बांटे नियुक्ति पत्र, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई ताकत - March 23, 2026
- आगरा में खनन माफियाओं पर डीएम का ‘हंटर’: अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 6 वाहन जब्त - March 23, 2026
- Agra News: शहीद दिवस पर ‘माय भारत’ की अनूठी पहल: श्रमदान और स्वच्छता से दी अमर शहीदों को श्रद्धांजलि; डॉ. सहगल बोले- स्वच्छता भी है देशभक्ति का रूप - March 23, 2026