आगरा। जनपद में खाद्य पदार्थों की शुद्धता और जनस्वास्थ्य के प्रति खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) विभाग ने अपना अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में, 30 जून को विभाग की टीम ने अछनेरा क्षेत्र के कुकथला गांव स्थित एक पनीर निर्माण इकाई पर आकस्मिक छापा मारा। निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थल पर भारी गंदगी और बेहद अस्वच्छ परिस्थितियां पाई गईं, जिसे देखते हुए विभाग ने त्वरित कार्रवाई की।
दूध और पनीर के नमूने लिए गए
सहायक आयुक्त (खाद्य) महेंद्र श्रीवास्तव के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के दौरान, टीम ने निर्माण इकाई से मिश्रित दूध, घी और पनीर के नमूने एकत्र किए। इन नमूनों को प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेज दिया गया है, ताकि गुणवत्ता की सटीक जांच की जा सके। वहीं, मौके पर मिला लगभग 50 किलोग्राम पनीर और 150 लीटर मिश्रित दूध उपभोग के लिए पूरी तरह अनुपयुक्त पाया गया। स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टीम ने तत्काल प्रभाव से इस भारी मात्रा में सामग्री को नष्ट करवा दिया।
कारोबारी को दी गई कड़ी चेतावनी
निरीक्षण में पनीर निर्माण की प्रक्रिया बेहद अस्वास्थ्यकर वातावरण में होती पाई गई। इस गंभीर चूक पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने निर्माण इकाई के संचालक शिव कुमार (पुत्र श्री बदन सिंह, निवासी ग्राम कुकथला) को कड़े निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इकाई में तत्काल प्रभाव से समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए और खाद्य सुरक्षा मानकों का हर हाल में पालन किया जाए।
जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ नहीं होगा बर्दाश्त
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी खाद्य कारोबारकर्ता को बख्शा नहीं जाएगा। विभाग के अनुसार, मिलावटखोरी और स्वच्छता के मानकों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध आने वाले समय में भी इसी प्रकार की प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
- अयोध्या: दिनभर हाउस अरेस्ट के बाद यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने किए रामलला के दर्शन, प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप - July 1, 2026
- Agra News: कुकथला में पनीर फैक्ट्री पर FSDA का छापा, 50 किलो मिलावटी पनीर और 150 लीटर दूध मौके पर नष्ट - June 30, 2026
- Agra News: कैलाश मोड़ पर बनेगा भव्य द्वादश ज्योतिर्लिंग धाम, मंदिर निर्माण समिति ने बदली परियोजना की जगह - June 30, 2026