Agra News: ताजमहल के साए में लगी पुष्प प्रदर्शनी, 492 प्रतिभागियों ने लिया भाग

PRESS RELEASE

दो दिवसीय मंडलीय फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी का मंडलायुक्त श्रीमती रितु माहेश्वरी द्वारा फीता काटकर उद्घाटन किया गया

राजकीय उद्यान स्मारिका का हुआ विमोचन एवं आठ प्रगतिशील किसानों को शॉल एवं प्रशस्ति पत्र देकर मंडलायुक्त ने किया सम्मानित

आगरा। राजकीय उद्यान ताज व्यू गार्डन, आगरा प्रांगण में आयोजित होने वाली दो दिवसीय मण्डलीय फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी का शुभारम्भ आज शनिवार को श्रीमती रितु माहेश्वरी, आयुक्त आगरा मण्डल, आगरा द्वारा मुख्य विकास अधिकारी आगरा के साथ किया गया। इसी के साथ ही प्रदर्शनी जनसामान्य के अवलोकन के लिए खोल दी गई। मंडलायुक्त ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और मंडल से आये कृषक प्रतिभागियों द्वारा लगाई गई स्टालों पर विभिन्न प्रजाति के फूलों और सब्जियों को देखा। इसी के साथ ही विभिन्न संस्थानों द्वारा विकसित नवीनतम कृषि उत्पादन तकनीकी यथा गमलों से शाकभाजी का उत्पादन तथा आधुनिक प्रसंस्करण विधियों का भी अवलोकन भी किया। बीच मैदान पर फूलों और सब्जियों से सीता माता को हाथ जोड़ते हुए हनुमान, पक्षी गरुड एवं मोर, मगरमच्छ, कछुआ, आगरा मेट्रो और आई लव आगरा सेल्फी पॉइंट इत्यादि सुंदर आकृतियों में सजाया गया।

अवलोकन उपरांत मुख्य मंच पर मंडल आयुक्त एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा प्रदर्शनी की स्मारिका का विमोचन किया गया। प्रदर्शनी में मण्डल के विभिन्न जनपदों के औद्यानिक गतिविधियों से जुडे हुए 08 प्रगतिशील कृषकों (अनिरुद्ध सिंह, आगरा, ड्रिप से ब्रोकली और टमाटर की खेती, वीरेंद्र सिंह शमशाबाद खरीफ के मौसम में गोभी की खेती, सुजाता सिंह फिरोजाबाद नवीनतम तकनीकी से मशरूम उगाने, धर्मेंद्र सिंह फिरोजाबाद नवीनतम तकनीक से टमाटर की खेती, मोहन सिंह वर्मा मथुरा ग्रीन हाउस से खीरा उगाने, जगदीश सारस्वत मथुरा फूलों की खेती, देवेंद्र सिंह मैनपुरी नवीनतम तकनीक से फूलों की खेती और वीरेंद्र सिंह फिरोजाबाद को नवीनतम तकनीक से उन्नतशील सब्जी की खेती) के लिए शाल एवं प्रशस्ति-पत्र से सम्मानित किया गया।

प्रदर्शनी में आये प्रतिभागियों और जनसामान्य को सम्बोधित करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि इस वर्ष मंडलीय फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी को ताज महोत्सव के अंतर्गत शामिल किया गया है जिसका उद्देश्य ताज महोत्सव में आने वाले लोगों को इस प्रदर्शनी में विभिन्न प्रजातियां के फल एवं सब्जी के साथ-साथ उन्नत तकनीकी से खेती करने के तरीकों के प्रति जागरूक बनाना है। इस आयोजन के लिए यमुना व्यू गार्डन को इसलिए चुना गया क्योंकि ताजमहल और आगरा किला के बीच में पर्यटन की दृष्टि से यह उपयुक्त स्थान है जिसे विख्यात करने की जरूरत है। मंडल आयुक्त ने कहा कि इस बार प्रदर्शनी में पहली बार नई श्रेणी में प्राइवेट सोसाइटियों को भी शामिल किया गया है। मंडल आयुक्त ने कहा कि हमारा देश कृषि प्रधान देश है। यहाँ खेती के साथ बागवानी में भी अच्छे उत्पादन और कमाई की संभावनाएं हैं। बागवानी फसलों की खेती व्यावसायिक रूप से करने से किसानों की आमदनी आसानी से बढ़ाई जा सकती है। इस आयोजन के माध्यम से हमारा प्रयास है कि लोग बागवानी के प्रति जागरूक हो और ज्यादा से ज्यादा प्राकृतिक फलों एवं सब्जियों का उत्पादन करें। प्राकृतिक फल और सब्जियां हमारे सेहत के लिए लाभदायक होती हैं।

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि घरों की छतों या आसपास खाली जगह पर एक छोटी सी बागवानी या हरा-भरा बनाने का प्रयास जरुर करें ताकि हमारा पर्यावरण हमेशा स्वच्छ रहे। अंत में मंडलायुक्त महोदया ने राजकीय उद्यान ताजव्यू गार्डन में प्रदर्शनी में प्रतिभाग करने हेतु मण्डल से आने वाले कृषकों, उद्यानपतियों का अभार प्रकट करते हुए सभी को शुभकामनायें दी। इस वर्ष प्रदर्शनी में कुल 492 प्रतिभागियों द्वारा प्रतिभाग करके 1783 प्रदर्श लगाये हैं। आयोजन के समापन अवसर पर प्रत्येक श्रेणी के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार दिया जायेगा। साथ ही इस वर्ष प्रत्येक वर्ग में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विजेताओं को विशेष पुरस्कार दिया जायेगा। प्रदर्शनी जनसमान्य के अवलोकन हेतु 25 फरवरी को प्रातः 08:00 बजे से सांय 07:00 बज तक खुली रहेगी।

Dr. Bhanu Pratap Singh