आगरा। मलपुरा थाना क्षेत्र के इटोरा कस्बे में आगरा–ग्वालियर हाईवे स्थित गंगा साड़ी सेंटर में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। राहत की बात यह रही कि शोरूम की ऊपरी मंजिल पर रह रहा संचालक का परिवार समय रहते बाहर निकल आया और बड़ा हादसा टल गया।
हादसा रात करीब तीन बजे का है। शोरूम संचालक भूपेंद्र लवानिया अपनी पत्नी पूजा लवानिया और बेटे शौर्य के साथ ऊपर की मंजिल पर सो रहे थे। इसी दौरान धुएं और घुटन से बेटे की नींद खुली। नीचे आग फैलती देख परिवार ने बिना देर किए जान बचाने के लिए बगल की छत पर छलांग लगा दी।
परिवार के सुरक्षित निकलने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक शोरूम में रखा साड़ी और कपड़ों का अधिकांश सामान जल चुका था।
प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। फायर अधिकारियों के मुताबिक समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आग आसपास की दुकानों और मकानों तक नहीं फैल सकी।
दुकान मालिक भूपेंद्र लवानिया ने बताया कि आग में उनका पूरा कारोबार प्रभावित हुआ है और लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद इलाके में देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर गरमाई सियासत, ओम प्रकाश राजभर बोले- दाढ़ी और टोपी के खौफ से नहीं किए रामलला के दर्शन - October 9, 2026
- आगरा में सीईसी के खिलाफ सपा का हल्लाबोल: कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान पुलिस से तीखी झड़प, सांसद रामजीलाल सुमन हाउस अरेस्ट - October 8, 2026
- डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में रैगिंग का मामला: एमएससी बायोटेक्नोलॉजी की छात्रा ने सीनियर पर लगाया सार्वजनिक रूप से बेइज्जत करने का आरोप - October 8, 2026