आगरा: थाना छत्ता के अंतर्गत जीवनी मंडी पुलिस चौकी के नजदीक दुकानों के ऊपर बने घर में आग लग गई। सुबह करीब सात-साढ़े सात बजे के बीच लगी इस आग में घर में रखा हुआ सामान जल गया। सूचना मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दो दमकलों ने करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यदि आग फैलती तो नीचे की दुकानों को भी चपेट में ले सकती थी और बड़ा नुकसान हो सकता था।
एफएसओ संजय प्लेस सोमदत्त सोनकर ने बताया कि फायर ब्रिगेड को करीब 8.19 पर आग लगने की सूचना मिली। तुरंत पहुंची दमकलों ने सीढियां लगाकर छज्जे की ओर खुलने वाले जंगलों के रास्ते आग पर काबू पाना शुरू किया। करीब 45 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया। यह मकान जीवनी मंडी में पाराशर मेडिकल हॉल के ऊपर स्थित है।
बताया गया है कि एक रसोई और एक कमरे के इस मकान में लगभग 32 वर्षीय युवक शिवम शर्मा अकेला रहता है। प्रारंभिक सूचनाओं के अनुसार आग रसोई घर से फैली। वहीं क्षेत्र में चर्चा है कि शिवम शर्मा मानसिक रूप से अस्वस्थ है, वह आए दिन डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को परेशान करता रहता है।
क्षेत्रीय लोगों ने आशंका जताई कि आग शिवम ने खुद लगाई होगी। यह जांच का विषय हो सकता है, बहरहाल, फायर ब्रिगेड की तत्परता से एक बड़े हादसे को टाल दिया गया।
- दिल्ली में बारिश के चलते टला ‘सड़क पर संसद’ कार्यक्रम: अब शनिवार को होगा आयोजन, राहुल गांधी ने दी जानकारी - October 30, 2026
- आगरा में जाम से मिलेगी मुक्ति: प्रशासन और व्यापारियों के बीच 6 पार्किंग स्थलों पर बनी सहमति, सीडीओ ने दिए निर्देश - October 30, 2026
- कोडीन कफ सिरप सिंडिकेट की जांच आगरा पहुंची: STF की रडार पर कारोबारी देवेंद्र आहूजा उर्फ चिंटू, बिना बिलिंग खेल का शक - October 30, 2026