आगरा: विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी स्वयं फील्ड में उतरे और बीएलओ के साथ घर-घर पहुंचकर मतदाताओं को समय से गणना पत्र भरकर वापस करने के लिए प्रेरित किया। डीएम ने कहा कि 4 दिसम्बर की अंतिम तिथि का इंतजार न करें, ताकि किसी भी मतदाता का नाम वोटर सूची से न छूटे।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में नगर निगम, एडीए, उद्यान, पशुपालन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के कुल 282 बीएलओ की कार्य प्रगति पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे फील्ड में लगाए गए बीएलओ के कार्यों की नियमित समीक्षा करें और प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।
बैठक के बाद जिलाधिकारी ने शहर में स्थापित मतदाता हेल्प डेस्क, गणना पत्र फीडिंग सेंटर तथा बीएलओ-सुपरवाइजर्स से कार्य की जानकारी ली। इसके बाद वे कंपोजिट स्कूल, न्यू आगरा पहुंचे, जहाँ मतदाताओं को गणना पत्र भरने में स्वयं सहयोग किया। उन्होंने मतदाताओं से संवाद कर सही जानकारी दर्ज करने और तुरंत फॉर्म जमा करने की अपील की।
इसके उपरांत डीएम टीम के साथ न्यू आगरा क्षेत्र में डोर-टू-डोर पहुंचे और घर-घर जाकर मतदाताओं से गणना पत्र तत्काल बीएलओ को वापस करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि वोटर घर पर उपलब्ध नहीं है, तो परिवार का कोई सदस्य सभी सदस्यों के फॉर्म भरकर हस्ताक्षर सहित बीएलओ को दे सकता है।
डीएम ने बताया कि बीएलओ अपने बूथ क्षेत्रों में घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित और संकलित कर रहे हैं। मतदाता चाहें तो voters.eci.gov.in पोर्टल से भी गणना प्रपत्र डाउनलोड कर भर सकते हैं। किसी भी समस्या पर हेल्प डेस्क से संपर्क किया जा सकता है।
महत्वपूर्ण तिथियाँ
09 दिसम्बर 2025: ड्राफ्ट वोटर सूची का प्रकाशन
08 जनवरी 2026: दावे एवं आपत्तियां जमा करने की अंतिम तिथि
07 फरवरी 2026: अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे समय से गणना प्रपत्र भरकर उपलब्ध कराएं, ताकि किसी भी मतदाता का नाम सूची से न छूटे।
इस अवसर पर नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल, एडीएम सिटी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान, सहायक नगर आयुक्त शिशिर सिंह, सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव, डीसी मनरेगा तथा सभी एईआरओ, ईआरओ उपस्थित रहे।
- मुर्शिदाबाद में ‘नई बाबरी’ पर महासंग्राम: लखनऊ की सड़कों पर लगे चेतावनी भरे पोस्टर, हुमायूं हम आएंगे..बाबरी फिर से गिराएंगे… - February 8, 2026
- 12 साल पहले ‘मर’ चुका शख्स अचानक हुआ जीवित! स्कूटी और नेट बैंकिंग ने खोली आगरा के शख्स की पोल - February 8, 2026
- Agra News: होटल ताज हाइट्स के टॉप फ्लोर पर लगी भीषण आग, धुआं देख मची भगदड़, दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू - February 7, 2026