आगरा। देशभर के साथ आगरा जिले में भी 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति के भाव के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय से लेकर गांव-कस्बों तक तिरंगा फहराया गया और संविधान के मूल्यों को नमन किया गया।
गणतंत्र दिवस का मुख्य कार्यक्रम आगरा पुलिस लाइन में आयोजित हुआ, जहां आगरा पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, एनसीसी कैडेट्स, फायर ब्रिगेड सहित विभिन्न सुरक्षा बलों ने अनुशासित परेड और साहसिक प्रदर्शन के जरिए शौर्य और पेशेवर दक्षता का परिचय दिया। परेड को देखने पहुंचे लोगों में देशभक्ति का उत्साह साफ नजर आया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि केबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान कानून-व्यवस्था, समाज सेवा और जनहित में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों व नागरिकों को सम्मानित भी किया गया।
अपराध नियंत्रण से लेकर साइबर सुरक्षा तक पर जोर
अपने संबोधन में केबिनेट मंत्री ने कहा कि गणतंत्र दिवस देश की स्वतंत्रता, संप्रभुता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के लिए लगातार नए अवसर सृजित कर रही है। साथ ही उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि वर्ष 2026 में ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होना हर भारतीय के लिए गौरव का विषय है।
उन्होंने आगरा पुलिस आयुक्त की सराहना करते हुए कहा कि जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अवैध धर्मांतरण के मामलों का खुलासा किया गया और अपराध नियंत्रण में ठोस परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में एक व्यापारी से जुड़ी चोरी की घटना में मात्र तीन दिन के भीतर करीब आठ करोड़ रुपये की चोरी का खुलासा किया गया, जो पुलिस की तत्परता को दर्शाता है।
साइबर अपराध को बड़ी चुनौती बताते हुए उन्होंने कहा कि हर थाने में साइबर डेस्क/साइबर थाना की व्यवस्था की गई है, जिससे ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर ठगी पर प्रभावी नियंत्रण किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने थानों में महिलाओं के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार पर विशेष जोर देते हुए कहा कि महिलाएं निडर होकर शिकायत दर्ज करा सकें, यही सुशासन की पहचान है।
शहर से गांव तक तिरंगे की रौनक
गणतंत्र दिवस की रौनक आगरा शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी देखने लायक रही। सरकारी कार्यालयों में विधिवत ध्वजारोहण किया गया। कलक्ट्रेट में जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी, कमिश्नरी में मंडलायुक्त शैलेन्द्र सिंह, नगर निगम में महापौर हेमलता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने तिरंगा फहराकर संविधान के प्रति निष्ठा व्यक्त की।
स्कूलों में बच्चों ने तिरंगा रैलियां निकालीं और रंगारंग
सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। देशभक्ति गीतों, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से सेना के शौर्य और देश की एकता का संदेश दिया गया। बच्चों ने एक स्वर में देश की सेवा, अखंडता और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
कुल मिलाकर आगरा जिले में 77वां गणतंत्र दिवस अनुशासन, उत्सव और विकसित भारत के संकल्प के साथ यादगार बन गया।
- जनकपुरी महोत्सव में रामलीला मंचन से पहले पुलिस प्रशासन मुस्तैद: अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल ने अधिकारियों के साथ किया स्थलीय निरीक्षण - September 24, 2026
- रामकथा करने आए थे, सर्वधर्म कथा करके चले गए…मोरारी बापू की कथा से प्रेरित होकर शोधार्थी राहत जहाँ ख़ानम लिखेंगी पुस्तक ‘कथा एक, राहत अनेक’ - September 24, 2026
- आगरा में चल रहे पंचम गणेश महोत्सव का 11वां दिन: रानी रंग की पोशाक और स्वर्ण मुकुट से सजे भगवान श्री वरद वल्लभा महागणपति - September 24, 2026