
आगरा। एत्मादपुर में हाइवे पार कर अपने घर लौट रहे 36 वर्षीय युवक को सामने से तेज रफ़्तार आ रहे बेकाबू ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गुस्साए परिजनों ने हाइवे को बैरियर लगाकर जाम कर दिया। पांच दिन पहले होली वाले दिन मृतक के चचेरे भाई की भी यहां सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। परिवार में एक साथ दो मौतों से परिजन सदमे में हैं।
एत्मादपुर में मोहल्ला सतोली जाटवान निवासी छोटेलाल का 36 वर्षीय पुत्र राजेश दोपहर में हाइवे पार कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान आगरा की तरफ से तेज रफ़्तार में आते ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। राजेश की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन वहां पहुंच गए। गुस्साए परिजनों ने बैरियर लगाकर दोनों तरफ़ से रास्ता बंद कर दिया। इसकी वजह से आगरा और फिरोजाबाद दोनों ओर वाहनों की लंबी क़तार लग गई।
घटना की सूचना मिलने के एक घंटे बाद पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को हटाकर आवागमन सुचारू कराया। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिस स्थान पर राजेश की मौत हुई है, होली वाले दिन लगभग इसी जगह उसके चचेरे भाई की सड़क हादसे में मौत हो गई थी।
- आरडी पब्लिक स्कूल Agra: शिक्षा के साथ संस्कार और प्रतिभा निखार का उत्कृष्ट केंद्र - April 10, 2026
- ज्ञान की दीपशिखा: मन्नाश्री चौहान ने रचा इतिहास, डीईआई आगरा की बनीं टॉपर - April 10, 2026
- इलाहाबाद हाई कोर्ट की तल्ख टिप्पणी— हनीट्रैप के चलते खतरे में सभ्य समाज; जबरन वसूली करने वालों पर तत्काल एक्शन के आदेश - April 2, 2026