Agra News: सीएम डैशबोर्ड व विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में कमिश्नर सख्त, विभागों को दिए सुधार के निर्देश

स्थानीय समाचार

आगरा। आयुक्त सभागार में मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड एवं मंडलीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सर्वप्रथम सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा की गई। इसमें पाया गया कि विगत माह की अपेक्षा इस माह केवल फिरोजाबाद की रैंकिंग में सुधार आया, जबकि अन्य जिलों की रैंकिंग में गिरावट दर्ज की गई।

बैठक में ग्राम्य विकास, पंचायती राज, पीडब्ल्यूडी, पशुपालन, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, जल जीवन मिशन सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई।

मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि—

ग्राम्य विकास: डे-एनआरएलएम में आगरा व मैनपुरी में सुधार लाया जाए। परिवार नियोजन में चारों जिले सी ग्रेड से बाहर निकलने का प्रयास करें।

पंचायती राज: 15वें व 5वें वित्त आयोग की योजनाओं की धनराशि समय पर खर्च की जाए। सभी 3127 घोषित मॉडल ग्रामों का सत्यापन कराया जाए। पंचायत सहायकों की भर्ती शीघ्र पूरी की जाए।

पीडब्ल्यूडी: मथुरा में नई सड़कों का निर्माण गुणवत्तापूर्ण व समय पर हो। आगरा के सभी निर्माण कार्य शीघ्र पूरे किए जाएं।

पशुपालन: आगरा में अक्टूबर अंत तक पांच बड़े गौसंरक्षण केंद्र तैयार किए जाएं। मथुरा के अस्थायी आश्रय स्थलों में शेड विस्तार हो और चारों जिलों में समुचित सफाई, भूसा व चारे की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

शिक्षा: मंडल के 573045 छात्रों का नामांकन पूरा हो चुका है, प्रक्रिया जारी रखी जाए। अवशेष विद्यालयों में बाउंड्रीवाल और फर्नीचर की व्यवस्था की जाए।

स्वास्थ्य: 17 सितंबर से चल रहे आयुष्मान कार्ड पखवाड़े में शिविर लगाकर प्रत्येक परिवार को गोल्डन कार्ड से आच्छादित किया जाए। पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना में अधिक अस्पतालों को शामिल किया जाए।

ऊर्जा: पीएम सूर्य घर योजना व रूफटॉप सोलर की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। अधिकारियों से कहा कि वे स्वयं अपने आवास की छत पर सोलर प्लांट लगवाएं।

कृषि: किसानों का पंजीकरण जारी रहे और डीएपी की बढ़ती मांग के अनुसार उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

इसके अलावा 50 करोड़ से अधिक लागत वाली योजनाओं की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे से पागल बाबा मंदिर तक 4 लेन सड़क और यमुना नदी पर 2 लेन पुल निर्माण कार्य को जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए। वृंदावन परिक्रमा मार्ग पर सीवर लाइन व सफाई व्यवस्था पर भी जोर दिया।

यूनीसेफ द्वारा चलाए जा रहे अभियानों की प्रगति का विवरण भी प्रस्तुत किया गया। आयुक्त ने सीएमओ को कोल्ड चेन मॉनिटरिंग, आशाओं का प्रशिक्षण और नए डिलीवरी प्वाइंट सक्रिय करने के निर्देश दिए।

अंत में, हाल ही में आई बाढ़ की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि प्रभावित इलाकों में पानी निकलने के बाद सफाई अभियान चलाया जाए और चिकित्सा टीमें तैनात की जाएं।

बैठक में जिलाधिकारी आगरा अरविंद मलप्पा बंगारी, जिलाधिकारी मैनपुरी अंजनी कुमार सिंह, जिलाधिकारी फिरोजाबाद रमेश रंजन, सीडीओ मथुरा मनीष मीना, सीडीओ मैनपुरी नेहा बंधु, सीडीओ फिरोजाबाद शत्रोहन वैश्य सहित समस्त मंडलीय अधिकारी मौजूद रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh