CCTV ने पकड़ी ‘नकल की आवाज’: मियापुर में बोल-बोलकर हल कराए जा रहे थे पेपर, एफआईआर के आदेश
आगरा। जनपद में यूपी बोर्ड की परीक्षाओं की शुचिता को ताक पर रखकर ‘बोलकर नकल’ कराने वाले एक संगठित रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। मियापुर स्थित आदर्श सैनिक इंटर कॉलेज के कक्ष संख्या-03 में चल रही इस धांधली को कंट्रोल रूम की लाइव मॉनिटरिंग के जरिए पकड़ा गया। यह मामला तब उजागर हुआ जब सीसीटीवी कैमरों की ऑडियो फीड में प्रश्नों के उत्तर जोर-जोर से दोहराए जाने की आवाजें सुनाई दीं।
कंट्रोल रूम से खुला राज, स्टेटिक मजिस्ट्रेट की रेड
परीक्षा के दौरान जिला स्तरीय कंट्रोल रूम में तैनात टीम सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से निगरानी कर रही थी। इसी बीच कक्ष संख्या-03 से संदिग्ध आवाजें और संवाद सुनाई देने लगे। मामला संदिग्ध लगते ही अधिकारियों ने तत्काल स्टेटिक मजिस्ट्रेट को मौके पर भेजा। मजिस्ट्रेट ने जब परीक्षा केंद्र पर दबिश दी, तो वहां वास्तव में परीक्षार्थियों को बोल-बोलकर उत्तर लिखवाए जा रहे थे।
नकल माफियाओं के खिलाफ FIR के निर्देश
जांच में पुष्टि हुई कि यह महज एक मानवीय चूक नहीं बल्कि एक सुनियोजित षड्यंत्र था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) ने केंद्र के संबंधित शिक्षकों और कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर (FIR) दर्ज कराने के कड़े निर्देश दिए हैं।
निगरानी और सख्त, दोषियों पर गिरेगी गाज
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की पारदर्शिता से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस घटना के बाद जनपद के अन्य सभी संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर ‘ऑडियो-विजुअल’ निगरानी और अधिक बढ़ा दी गई है। आगरा के शिक्षा विभाग में इस कार्रवाई के बाद से हड़कंप मचा हुआ है।
- संत रविदास के समानता और समरसता के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाएगी महासभा: आगरा के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में चला जागरूकता अभियान - September 11, 2026
- बसपा में बड़ा सियासी घटनाक्रम: आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ ने राजनीति से लिया संन्यास, मायावती ने इसे बताया ‘देर से उठाया गया सही कदम’ - September 10, 2026
- रायबरेली में दिशा समिति की बैठक में छाए रहे राहुल गांधी: बदहाल सड़कों की तस्वीरें दिखाकर अधिकारियों और योगी सरकार के मंत्रियों को किया हैरान - September 9, 2026