
आगरा: थाना ताजगंज की एकता क्षेत्र चौकी क्षेत्र से सोमवार की रात मैरिज होम में सगाई के मंडप में पहुंचने से पूर्व लड़का गायब हो गया। सगाई करने पहुंचे लड़की के परिवारीजनों को लड़के वालों ने बेटे के अपहरण की जानकारी दी तो उनके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई।
लड़की वालों ने साजिश के तहत लड़के को गायब करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लड़के ने सगाई से पहले बुलट बाइक और लाखों रुपये कैश लिया था। मामले में रात भर चली पंचायत में कोई नतीजा नहीं निकलने पर लड़की वाले मंगलवार सुबह एकता पुलिस चौकी पहुंच गए और लड़के वालों की शिकायत की।
भोगांव (मैनपुरी) निवासी लड़की वालों ने बताया कि एक वर्ष पहले रिश्ता तय हुआ था। लड़का ताजगंज के एकता चौकी क्षेत्र का रहने वाला है और एकाउंटेंट है। लड़के वालों से 15 लाख में शादी करने की बात हुई थी। लड़के को बुलट बाइक और 14 लाख रुपये वह सगाई-लगुन से पहले दे चुके थे।
सोमवार रात को देवरी रोड स्थित एक मैरिज होम में सगाई-लगुन का कार्यक्रम था। लड़की वाले देवरी रोड स्थित मैरिज होम में लड़के वालों के आने की प्रतीक्षा कर रहे थे। रात 12 बजे तक लड़के वाले कहते रहे कि लड़का कुछ देर में आने वाला है। बाद में कहने लगे कि लड़के का घर के पास से अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया है। यह सुनकर लड़की वालों के होश उड़ गए। वह लड़के के घर पहुंचे। रात करीब दो बजे तक दोनों परिवारों के बीच पंचायत चलती रही।
लड़के वालों का कहना था कि उनके बेटे काे अज्ञात लोगों ने अगवा कर लिया है। वहीं, लड़की वालों का कहना था कि अपहरण की कहानी सही नहीं है। लड़के को उसके परिजनों ने साजिश के तहत गायब कर दिया है।
एसीपी सदर अर्चना सिंह के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। लड़की वालों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- आरडी पब्लिक स्कूल Agra: शिक्षा के साथ संस्कार और प्रतिभा निखार का उत्कृष्ट केंद्र - April 10, 2026
- ज्ञान की दीपशिखा: मन्नाश्री चौहान ने रचा इतिहास, डीईआई आगरा की बनीं टॉपर - April 10, 2026
- इलाहाबाद हाई कोर्ट की तल्ख टिप्पणी— हनीट्रैप के चलते खतरे में सभ्य समाज; जबरन वसूली करने वालों पर तत्काल एक्शन के आदेश - April 2, 2026