Agra News: कमला नगर बाजार में “सौंदर्यीकरण” बना व्यापारियों की परेशानी, आमसभा में उठी पार्किंग–शौचालय–नोटिसों की समस्या

स्थानीय समाचार

आगरा। कमला नगर बाजार में चल रहे तथाकथित सौंदर्यीकरण के बीच स्थानीय व्यापारियों की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। पार्किंग व्यवस्था, सार्वजनिक शौचालयों की कमी और बिना ठोस आधार के नोटिसों से परेशान व्यापारियों ने अब खुलकर आवाज उठानी शुरू कर दी है। इन्हीं मुद्दों को लेकर कमला नगर व्यापार संगठन समिति की एक महत्वपूर्ण आमसभा कमला नगर स्थित होटल पार्कलेन में आयोजित हुई, जिसमें व्यापारियों ने अव्यवस्था और प्रशासनिक अनदेखी पर नाराजगी जताई।

आमसभा का शुभारंभ आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं कमला नगर व्यापार संगठन समिति के संरक्षक टीएन अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष अमित अग्रवाल पारुल ने की। सभा में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने अपनी समस्याएं आगरा व्यापार मंडल अध्यक्ष टीएन अग्रवाल, क्षेत्रीय पार्षद पंकज अग्रवाल एवं प्रदीप अग्रवाल के समक्ष विस्तार से रखीं।

पार्किंग संकट से घट रही ग्राहकों की आवाजाही

अध्यक्ष अमित अग्रवाल पारुल ने कहा कि नगर निगम द्वारा कमला नगर को मॉडल रोड के रूप में विकसित करना एक सराहनीय पहल है, जिससे क्षेत्र की सुंदरता और आधारभूत ढांचे में सुधार हुआ है। लेकिन यही सौंदर्यीकरण अब व्यापारियों के लिए संकट बनता जा रहा है।

उन्होंने बताया कि त्योहारों के दौरान पार्किंग की विकराल समस्या के कारण ग्राहक बाजार में आने से बचते हैं, जिससे दुकानदारों को सीधा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

शौचालय निर्माण का वादा अधूरा

उन्होंने यह भी कहा कि मॉडल रोड योजना के दौरान नगर निगम ने एक दर्जन से अधिक सार्वजनिक शौचालय बनाने का आश्वासन दिया था, लेकिन फिलहाल पानी की टंकी के पास सिर्फ एक शौचालय ही बना है। उसकी नियमित सफाई और रखरखाव न होने से व्यापारियों और ग्राहकों दोनों को परेशानी होती है।

बिना आधार शिकायतें, दुकानदारों को थम रहे नोटिस

व्यापारियों ने यह मुद्दा भी उठाया कि कुछ स्थानीय अराजक तत्व बिना ठोस आधार के आवास विकास परिषद में शिकायतें कर देते हैं। इसके चलते मानकों के अनुरूप निर्माण होने के बावजूद दुकानदारों और नागरिकों को नोटिस जारी कर दिए जाते हैं। इससे व्यापारी अपना व्यापार संभालने के बजाय नोटिसों के जवाब देने में उलझ जाते हैं।

व्यापार मंडल ने दिया भरोसा

आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि व्यापारी एकजुट होकर प्रतिमाह जिलाधिकारी के साथ होने वाली बैठकों में भाग लें और साक्ष्यों के साथ अपनी समस्याएं मजबूती से रखें। उन्होंने कहा कि आगरा व्यापार मंडल व्यापारियों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है और किसी भी प्रकार का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा।

25 जनवरी को सम्मेलन में भागीदारी की अपील

सभा में विराट हिंदू एकता सम्मेलन के संयोजक मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने व्यापारियों से अपील की कि वे 25 जनवरी को सत्यम पार्क में आयोजित विराट हिंदू एकता सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें।

सभा का संचालन सचिन सारस्वत ने किया। इस अवसर पर महामंत्री पुनीत मदान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष मित्तल, कोषाध्यक्ष उमेश अरोड़ा, संरक्षक योगेश अग्रवाल, नितिन चतुर्वेदी, मनीष अग्रवाल, पंकज गर्ग, विनय गुप्ता, राजकुमार शाक्य, गजेंद्र शर्मा, सागर वाधवानी, अनीश कालरा, हरीश शर्मा, रवि बंसल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh