आगरा: माल रोड पर ‘अग्नि तांडव’, पुरातत्व विभाग के सामने धू-धू कर जलती रही कार, बेपरवाह दौड़ता रहा ट्रैफिक
आगरा। शहर की सबसे व्यस्त और पॉश मानी जाने वाली माल रोड पर सोमवार को एक बेहद चौंकाने वाला मंजर देखने को मिला। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) कार्यालय के ठीक सामने और एनसीसी दफ्तर के बाहर एक चलती-फिरती कार अचानक आग का गोला बन गई।
आग इतनी विकराल थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद सड़क पर वाहनों की रफ्तार कम नहीं हुई और यातायात पूरी तरह सामान्य बना रहा।
घटनाक्रम के मुताबिक, माल रोड से गुजर रही एक आई-20 कार से अचानक धुआं निकलने लगा। जब तक चालक या आसपास के लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। गाड़ी से उठती आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर से ही दिखाई दे रहा था, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
मौके पर मौजूद चश्मदीदों के अनुसार, घटनास्थल पर लोगों की भीड़ तो जमा हुई, लेकिन कोई भी मदद के लिए आगे आने की हिम्मत नहीं जुटा सका। सबसे हैरान करने वाली तस्वीर यह थी कि जहां एक तरफ कार धू-धू कर जल रही थी, वहीं दूसरी तरफ सड़क पर गाड़ियां बिल्कुल सामान्य गति से गुजरती रहीं। कई राहगीर तो जलती हुई कार को देखने के बजाय अपने मोबाइल से वीडियो बनाने में मशगूल दिखे।
प्राथमिक जांच और गाड़ी की स्थिति देखकर यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि यह महज तकनीकी खराबी का मामला नहीं, बल्कि एक भीषण सड़क दुर्घटना का परिणाम हो सकता है। कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त था, जबकि अगला हिस्सा एक खंभे में धंसा हुआ मिला। हालांकि, आग लगने के स्पष्ट कारणों की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वह इलाका सरकारी दफ्तरों का केंद्र है और वहां हमेशा लोगों और वाहनों का भारी दबाव रहता है।
- आगरा में सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: कमला नगर पुलिस ने लोहिया नगर में मारा छापा, पांच आरोपी गिरफ्तार, मुख्य सरगना फरार - September 29, 2026
- Agra News: पैर में फ्रैक्चर होने के कारण सीढ़ियां नहीं चढ़ सकी महिला, एसीपी इमरान अहमद ने जमीन पर बैठकर सुनी फरियाद - September 29, 2026
- आगरा में खूनी संघर्ष: नशे में हंगामा करने से रोकने पर देवर ने महिला के पेट में घोंपा चाकू, तीन मासूमों के सिर से उठा मां का साया - September 29, 2026