आगरा: राजा की मंडी रेलवे स्टेशन पर आज सोमवार की सुबह एक महिला ने केरला एक्सप्रेस ट्रेन के सामने कूदकर जान देने की कोशिश की। महिला को गंभीर हालत में एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वह लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। उसका प्रेमी के साथ किसी बात को लेकर स्टेशन पर झगड़ा हुआ, उसी दौरान ट्रेन आती देखकर महिला पटरियों पर पहुंच गई।
महिला ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसकर करीब 100 मीटर तक रगड़ती चली गई। ट्रेन रुकी तो उसे निकाला गया। स्ट्रेचर पर लेकर जीआरपी तुरंत एंबुलेंस से हॉस्पिटल के लिए दौड़ी। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है।
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि सुबह करीब 11:08 बजे महिला और उसके साथ एक युवक प्लेटफॉर्म नंबर एक पर आए। यहां पर महिला का युवक के साथ किसी बात पर विवाद हो गया। महिला ने युवक से कहा कि वह आत्महत्या कर लेगी। इसके बाद वह प्लेटफॉर्म से रेलवे ट्रैक पर कूदकर खड़ी हो गई। रेलवे ट्रैक पर खड़े होने के बाद भी वह युवक से बहस करती दिखी।
इसी बीच ग्वालियर की ओर से दिल्ली की तरफ जाने वाली केरला एक्सप्रेस आ गई। ट्रेन चालक ने महिला को खड़ा देख हॉर्न दिया। हॉर्न सुनकर महिला युवक से बात करते हुए बचने के लिए प्लेटफॉर्म की ओर भागी, लेकिन इसी बीच वह ट्रेन की चपेट में आ गई। महिला ट्रेन के साथ घिसटती चली गई। वहां मौजूद लोग महिला को बचाने के लिए दौड़े। महिला प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंस गई थी।
सूचना पर पहुंची रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस ने महिला को गंभीर अवस्था में एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। महिला का नाम रानी और युवक का नाम किशोर बताया जा रहा है। जीआरपी के मुताबिक, महिला शादीशुदा है और युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
- यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 18 IPS अधिकारियों के तबादले, पुलिस मुख्यालय से लेकर PAC और EOW तक बदले गए अफसर - September 22, 2026
- बीजेपी सांसद कंगना रनौत के मामले की सुनवाई अब 7 अक्टूबर को: रिवीजन याचिका के निस्तारण तक बहस टालने के लिए वादी ने दिया प्रार्थना पत्र - September 22, 2026
- बाबा दुर्बलनाथ की जय-जयकार से गूंजा आगरा: संत शिरोमणि के 165वें जन्मोत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब - September 22, 2026